सोनीपत में होली पर सड़क हादसा,एक की मौत

-औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाला

युवक हादसे का शिकार

सोनीपत, 14 मार्च (हि.स.)। सोनीपत

में होली पर्व के अवसर पर एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक बड़ी औद्योगिक

क्षेत्र में काम करता था। घटना उस समय हुई जब वह ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रहा

था। ऑटो चालक की लापरवाही के कारण वाहन पलट गया। इस हादसे के बाद पुलिस ने ऑटो चालक

के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। शव को शुक्रवार को पोस्टमार्टम

के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक

की पहचान पानीपत के गांव पट्टीकल्याणा निवासी संजय (42) के रूप में हुई है। उनके बड़े

भाई ईश्वर सिंह ने एचएसआईआईडीसी बड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि

संजय बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्टरी में काम करता था। ड्यूटी खत्म करने के बाद

वह ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। जैन तीर्थ गुप्ति धाम गन्नौर के पास ऑटो

अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में संजय ऑटो के नीचे आ गया और गंभीर रूप

से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत उसे सरकारी अस्पताल गन्नौर में भर्ती कराया, जहां

चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद संजय के परिवार में शोक की लहर

दौड़ गई।

पुलिस

ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए सरकारी अस्पताल गन्नौर से सूचना मिलते ही एसआई

अशोक और हेड कांस्टेबल सुनील को मौके पर भेजा। मृतक के भाई ईश्वर सिंह की शिकायत के

आधार पर बिहोली निवासी ऑटो चालक रामचंद्र के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला

दर्ज किया गया। यह केस शुक्रवार अल सुबह एचएसआईआईडीसी बड़ी थाने में दर्ज किया गया।

पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

   

सम्बंधित खबर