एक राष्ट्र -एक चुनाव से होगी लोकतंत्र की नींव मजबूत : सांसद
- Admin Admin
- Apr 25, 2025

फिरोजाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन शुक्रवार को स्थानीय फिरोजाबाद क्लब लिमिटेड में समाजसेवी मुकेश गुप्ता मामा की अध्यक्षता में किया गया।
संगोष्ठी का उद्देश्य भारत में एक साथ चुनाव कराए जाने की संभावना चुनौतियों और प्रभावों पर व्यापक विमर्श करते हुए जन जागरण करना रहा।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने विषय की वर्तमान प्रासंगिकता और दूरगामी प्रभावों पर विचार साझा किया। उन्होंने कहा कि 9 चुनाव होते हैं, जिसमें सरकार सोचती है। खर्च काफी होता है । प्रधानमंत्री मोदी ने साझा किया है कि 90 हजार करोड़ लोकसभा चुनाव में 18 हजार करोड़ यूपी विधानसभा चुनाव में खर्च होता है। अगर 5 वर्ष में एक बार चुनाव होगा तो उसका लाभ देश को ही मिलेगा । पैसे की बर्बादी बचेगी । पैसा विकास कार्यों में लगेगा। एक राष्ट्र -एक चुनाव को कैंपेन की तरह लें । विकसित भारत तभी बनेगा। उन्होंने लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए चुनावी सुधारों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि एक राष्ट्र -एक चुनाव से लोकतंत्र की नींव मजबूत होगी। बार-बार होने वाले चुनाव से शासन की निरंतरता पर प्रभाव पड़ता है और यह आर्थिक दृष्टि से भी चुनौती पूर्ण होता है। एक साथ चुनाव कराने से न केवल चुनावी खर्च में भारी कटौती होगी बल्कि चुनावी हिंसा में भी कमी आएगी।
विधायक सदर मनीष असीजा ने कहा कि देश में सन 1951 से 1967 तक एक साथ चुनाव होते थे। राजनीतिक पार्टियों की महत्वाकांक्षाओं के कारण यह व्यवस्था समाप्त हो गई। इससे देश के विकास की गति धीमी पड़ी । देश की 80% आबादी और राजनीतिक दल इस प्रस्ताव के पक्ष में हैं। सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों से देश की आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हो रही है। एक राष्ट्र-एक चुनाव एक आंदोलन है । उन्हाेंने सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग की है।
संगोष्ठी को पूर्व विधायक ओमप्रकाश वर्मा, प्राची अग्रवाल अध्यक्ष महिला शक्ति जायंट्स ग्रुप, नीता धनगर एडवोकेट, मयंक भटनागर शिक्षाविद, विनोद पचौरी अध्यापक, डॉ महेश गुप्ता, डॉ रेनू गुप्ता सिरोही द्वारा संबोधित किया गया। संगोष्ठी का संचालन डॉ एस पी लहरी ने किया। संयोजक पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ सतीश चंद्र दिवाकर, नानक चंद अग्रवाल, सुनील टंडन, विश्वदीप सिंह, दीपक गुप्ता कालू, शैलेंद्र गुप्ता शालू, आकाश गुप्ता, सुनील शर्मा, राधेश्याम यादव, अंकित तिवारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़