भारत-पाक सीमा से सटे पठानकोट क्षेत्र में पुलिस-बीएसएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

ਸਰਚ ਆਪ੍ਰੇ਼ਸ਼ਨ ਦੌਰਾਨ ਬੀਐਸਐਫ ਤੇ ਪੁਲਿਸ ਜਵਾਨ।


चंडीगढ़, 04 जून । भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे पठानकोट के सीमावर्ती क्षेत्रों में गुरुवार को जिला पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त रूप से विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सीमावर्ती दरियाओं के किनारों, जंगलों और अन्य सुनसान क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा कई लोगों से पूछताछ भी की गई और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी गई।

जिला पुलिस प्रमुख एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया यह नियमित सुरक्षा अभियान का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और समाज विरोधी तत्वों पर अंकुश लगाना है। यह अभियान थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर कुलदीप राज के नेतृत्व में चलाया गया, जबकि डीएसपी ऑपरेशन गुरबख्श सिंह बाजवा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती गांवों में कई संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली।

डीएसपी गुरबख्श सिंह बाजवा ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख के निर्देशों के अनुसार लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर ऐसे सर्च ऑपरेशन चलाए जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को किराए पर रखने या मकान किराए पर देने से पहले उसकी पूरी पहचान संबंधी जानकारी पुलिस के साथ अवश्य साझा करें, ताकि अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों तक पहुंचना आसान हो सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी को अपने आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सकता है।

-----------------

   

सम्बंधित खबर