जबलपुर : प्यूमा ब्रांड के नाम पर नकली चप्पल बेचने वाले दो थोक कारोबारियों पर मामला दर्ज, 592 जोड़ी स्लाइडर्स जब्त
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
जबलपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्यूमा ब्रांड के नाम पर नकली स्लाइडर्स (चप्पल) बेचने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो थोक कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर 592 जोड़ी नकली स्लाइडर्स जब्त की हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 77 हजार 600 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली स्थित एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को शिकायत देकर बताया था कि कोतवाली क्षेत्र की कुछ फुटवेयर दुकानों पर पूमा कंपनी के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर नकली स्लाइडर्स बेची जा रही हैं, जिससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुलाराम चौक स्थित मैडम फुटवेयर तथा अंधेरदेव में जामा मस्जिद के पीछे स्थित आर.के. फुटवेयर पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मैडम फुटवेयर से संचालक पंकज खत्री (33), निवासी पूर्वी बेलबाग, के कब्जे से पूमा ब्रांड जैसी दिखने वाली 284 जोड़ी नकली स्लाइडर्स बरामद की गईं। वहीं आर.के. फुटवेयर के संचालक आवेद अली (50), निवासी आनंद नगर, गोहलपुर, के कब्जे से 308 जोड़ी नकली स्लाइडर्स मिलीं।
पुलिस ने दोनों दुकानों से कुल 592 जोड़ी नकली स्लाइडर्स जब्त कर आरोपित पंकज खत्री और आवेद अली के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 एवं 63 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------

