बिहार राज्य सवर्ण आयोग के सदस्य राजकुमार सिंह का 'खानकाह पीर दमड़िया शाह' में स्वागत

भागलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। बिहार राज्य सवर्ण आयोग के नवनियुक्त सदस्य और वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार सिंह अपने एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को भागलपुर पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने बिहार और भागलपुर के ऐतिहासिक सूफी केंद्र खानकाह पीर दमड़िया शाह (खलीफाबाग) का दौरा किया। खानकाह परिसर पहुंचने खानकाह पीर दमड़िया शाह के सज्जादानशीं और वक्फ स्टेट इनायत हुसैन (159) के मुतावल्ली सैयद शाह फखरे आलम हसन ने आयोग के सदस्य राजकुमार सिंह को अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर उनका इस्तकबाल किया।

सज्जादानशीं सैयद शाह फखरे आलम हसन ने कहा कि राजकुमार सिंह भागलपुर की ही माटी के लाल हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि उन्हें इस महत्वपूर्ण आयोग में सक्रिय सदस्य के रूप में सेवा करने का मौका मिला है। उनके संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व से न सिर्फ उच्च जातियों का उत्थान होगा, बल्कि पूरे भागलपुर के विकास को एक नई गति मिलेगी। इस मौके पर खानकाह के सज्जादानशीं ने राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार बिहार के हर वर्ग और हर जाति के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी शिद्दत से काम कर रही है। हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर युवाओं को पुलिस बल और विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी गई हैं, जो राज्य के युवाओं के लिए एक बेहद प्रगतिशील और ऐतिहासिक कदम है।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के कार्यकाल से लेकर वर्तमान कार्यकाल तक, बिहार ने हर मोर्चे पर तरक्की की है। इस सरकार की निगरानी में समाज के तमाम तबकों को विकास के पंख लगाने का भरपूर अवसर मिल रहा है। सज्जादानशीं ने राजकुमार सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खुदा से दुआ मांगी कि उनके जरिए पूरे बिहार और विशेषकर भागलपुर के जन-जन का कल्याण और उत्थान हो। इस अवसर पर खानकाह से जुड़े कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर