गुजरात में रक्षा खडसे ने ऑस्ट्रेलिया-भारत खेल उत्कृष्टता फोरम का किया उद्घाटन
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

गांधीनगर/नई दिल्ली, 5 मार्च (हि.स.)। युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री (एमओएस) रक्षा खडसे ने बुधवार को गुजरात के गिफ्ट सिटी, गांधीनगर में ऑस्ट्रेलिया-भारत खेल उत्कृष्टता फोरम का उद्घाटन किया। यह दो दिवसीय फोरम दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक अनूठी पहल है।
उद्घाटन सत्र में ऑस्ट्रेलियाई खेल प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई खेल संस्थान, उच्च शिक्षा प्रदाता और खेल उद्योग के हितधारक शामिल हुए।
इस फोरम का मुख्य उद्देश्य ओलंपिक और पैरालंपिक बोली, प्रतिभा विकास, खेल विज्ञान और आयोजन प्रबंधन में सहयोग के अवसर तलाशना है।
राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने क्रिकेट और हॉकी से आगे बढ़कर भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रतिभा विकास, निजी क्षेत्र की भागीदारी, खेल विज्ञान और खेल उद्योग में व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
खेल मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में उन्होंने कहा, खेलों के प्रति जुनून भारत और ऑस्ट्रेलिया को जोड़ने वाली एक समान भावना है। इस ऐतिहासिक फोरम के माध्यम से हम क्रिकेट और हॉकी से आगे बढ़कर खेल अवसंरचना, एलीट एथलीट विकास और खेल उद्योग में निवेश को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत की 2036 ओलंपिक मेजबानी की महत्वाकांक्षा हमारे देश की बढ़ती शक्ति और खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
खडसे ने आगे कहा, खेलो इंडिया, टॉप्स, फिट इंडिया और अस्मिता जैसी पहलों के माध्यम से हम एक मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहे हैं, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।
यह फोरम खेल विकास में ऑस्ट्रेलियाई विशेषज्ञता का लाभ उठाने और भारत की 2036 ओलंपिक एवं पैरालंपिक बोली की तैयारियों में सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को अपनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
गुजरात को खेल अवसंरचना के उभरते हब के रूप में रेखांकित करते हुए रक्षा खडसे ने भारत के वैश्विक खेल शक्ति बनने के दृष्टिकोण पर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि इस तरह के आदान-प्रदान से भारत एक वैश्विक खेल शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। खेलों की संस्कृति और सशक्त होगी और मजबूत भागीदारी के साथ हम विश्व स्तरीय अवसंरचना एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का विकास करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया-भारत खेल उत्कृष्टता फोरम भारत के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया प्रमुख रणनीतिक भागीदार के रूप में कार्य कर रहा है। इस फोरम के माध्यम से भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग को दिशा देने के लिए सिफारिशों का एक सेट तैयार किया जाएगा, जिसमें खेल संस्थानों के बीच घनिष्ठ संबंध स्थापित करना, उच्च शिक्षा सहयोग को मजबूत करना और ऑस्ट्रेलियाई विशेषज्ञता के समर्थन से भारत की दीर्घकालिक ओलंपिक और पैरालंपिक रणनीति को सशक्त बनाना शामिल होगा।
इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के भारत में उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन, गुजरात के खेल, युवा सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के मंत्री हर्ष सांघवी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे