आरएसपुरा में चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में रोष
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
जम्मू,, 18 जून (हि.स.)।
आरएसपुरा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में रोष और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। गांव सलामा चक में इसी महीने दो अलग-अलग मामलों में मोटरें चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में शाम शर्मा की दुकान के बाहर रखी मोटर चोरी कर ली गई जबकि दूसरी घटना में पप्पू पुनशिया की मोटर और हैंडपंप भी चोर ले उड़े। वहीं बुधवार को गांव कोला में दिनदहाड़े चोरी की एक और वारदात सामने आई, जिसमें राजा सिंह की पशुओं के चारे की मोटर उनके घर से गायब हो गई। उन्होंने बताया कि परिवार के देवस्थान जाने के दौरान यह घटना हुई और लौटने पर चोरी का पता चला। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने नाके और गश्त बढ़ाने की अपील करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
---------------

