साहित्य अकादमी के अनुवाद पुरस्कार 2024 की घोषणा, हिंदी के लिए मदन सोनी, अंग्रेजी के लिए अनीसुर पुरस्कृत

नई दिल्ली, 7 मार्च (हि.स.)। साहित्य अकादमी ने अनुवाद पुरस्कार 2024 की शुक्रवार को घोषणा की। साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में 21 अनुवादकों को अनुवाद पुरस्कार के लिए अनुमोदित किया गया।

साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. के. श्रीनिवासराव ने बताया कि चयनित 21 पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है। नेपाली और संस्कृत भाषाओं में अनुवाद पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हिंदी में अनुवाद के लिए मदन सोनी को यशोधरा डालमिया की अंग्रेजी पुस्तक के हिंदी अनुवाद सैयद हैदर रज़ा एक अप्रतिम कलाकार की यात्रा के लिए पुरस्कृत किया गया है। अंग्रेजी में यह पुरस्कार अनीसुर रहमान को उनके द्वारा अनूदित पुस्तक हजारों ख्वाहिशें ऐसी (द वंडरफुल वर्ल्ड ऑफ उर्दू ग़ज़लस) को दिया गया है। पंजाबी के लिए चंदन नेगी को पुस्तक तेरे लैई के अनुवाद तथा बांग्ला के लिए बासुदेब दास को सदगरेर पुत्र नौका बेय जय पुस्तक के अनुवाद के लिए पुरस्कृत किया गया है।

यह पुरस्कार उन पुस्तकों से संबंधित हैं, जो पुरस्कार वर्ष के पिछले वर्ष के अंतिम पांच वर्षों में ( 01 जनवरी 2018 से 31 दिसंबर 2022 के मध्य) प्रथम बार प्रकाशित हुई हैं। पुरस्कृत अनुवादकों को पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50 हजार रुपये की सम्मान राशि, बाद में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में प्रदान की जाएगी।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / Dhirender Yadav

   

सम्बंधित खबर