सुभासपा का बिहार के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन, राजस्थान में पार्टी विस्तार
- Admin Admin
- Mar 17, 2025

लखनऊ, 17 मार्च (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) का बिहार के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन प्रक्रिया की शुरूआत हो गयी है। बिहार में कदम बढ़ाने वाली सुभासपा आगे राजस्थान में पार्टी विस्तार की ओर भी बढ़ी है।
वर्ष 2025 के अक्टूबर माह में होने जा रहे बिहार चुनाव में उत्तर प्रदेश की सक्रिय सुभासपा ने उतरने के संकेत देने के बाद प्रत्याशी चयन प्रक्रिया आरम्भ की। सुभासपा के अध्यक्ष एवं उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के सम्पर्क में बिहार के यादव, मांझी, चौरसिया, ब्राह्मण समाज के कई चेहरे हैं। ये सभी समाज के बदौलत बिहार चुनाव में उतरना चाहते हैं और अपने विधानसभा क्षेत्र से दावेदार के रूप में भूमिका निभाने को तैयार हैं।
राजस्थान में सुभासपा का कार्य विस्तार हुआ, वहां प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जयप्रकाश राठौर उर्फ बंटी भईया को मौका दिया गया। बंटी भईया अपने नाम की तरह ही सुभासपा को पहचान दिलाने में जुट गये हैं। राजस्थान में सुभाष यादव सहित उनके साथियों को उन्होंने सुभासपा की सदस्यता दिलायी है। पार्टी की सदस्यता को बढ़ाने में बंटी भईया दिनरात जुटे हैं।
सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की मानें तो उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों में भी पार्टी की पहचान बननी आवश्यक है। इसके लिए ओमप्रकाश राजभर को जो कुछ करना पड़ेगा, उसे वह करेगें। सुभासपा का कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि है। आगे महाराष्ट्र और गुजरात में पार्टी विस्तार की वह सम्भावना तलाश रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र