हांसी निवासी भाखड़ा पाइपलाइन का रुका काम शुरू करवाने पहुंचे सचिवालय
- Vijesh Sharma
- Jun 01, 2026

पार्षद प्रतिनिधि बोले-राजनीति न करें नेता, हर्ष छिकारा को दी चुनौती,17 दिन से ठप है लाइन बिछाने का काम हांसी, 01 जून । भाखड़ा पाइपलाइन परियोजना का काम 17 दिन से ठप होने पर हांसी के शहरवासी जिला सचिवालय पहुंचे और रूका काम फिर से शुरू करवाने की मांग की। वार्ड-4 के पार्षद प्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद अजय सैनी के नेतृत्व में सोमवार को लोगों ने सीटीएम हिमांशु चौहान को ज्ञापन सौंपकर हांसी में पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई जा रही लाइन का काम जल्द शुरू कराने की मांग की। शहरवासियों ने प्रशासन से गांव और शहर दोनों के हितों को देखते हुए जल्द समाधान निकालने की मांग की, ताकि पेयजल संकट का स्थायी हल हो सके। गांव चानौत में भाखड़ा नहर से लाई जा रही पेयजल पाइपलाइन का काम ग्रामीणों के विरोध के चलते पिछले 17 दिनों से रुका हुआ है। शहरवासियों ने कहा कि यह परियोजना हांसी की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान के लिए मंजूर हुई थी। ज्ञापन में शहरवासियों ने साफ किया कि वे ग्रामीणों की मांगों के खिलाफ नहीं हैं। गांवों को भी पर्याप्त पानी मिलना चाहिए, लेकिन ग्रामीणों द्वारा शहर की पेयजल परियोजना को बाधित करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही है।इस अवसर पर पूर्व पार्षद अजय सैनी ने हर्ष छिकारा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर दम है तो पाइपलाइन उखाड़कर दिखाएं या शहर से गुजरकर दिखाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर के हितों के खिलाफ काम करने वालों का विरोध होगा। सैनी ने नेताओं से गांव-शहर के भाईचारे को प्रभावित करने वाले बयान न देने और मुद्दे का राजनीतिक लाभ न लेने की अपील की।

