शिवसेना की अमेरिका की तरह भारत सरकार से अवैध घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
- Admin Admin
- Feb 07, 2025
![](/Content/PostImages/DssImages.png)
जम्मू 07 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका की ट्रंप सरकार की तरह भारत की मोदी सरकार भी तत्काल अवैध रूप से भारत में रह रही पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर, बांग्लादेश की पूर्व राष्ट्रपति शेख हसीना समेत तमाम अवैध बांग्लादेशियों व रोहिंगियों को देश से बाहर का रास्ता दिखाए। यह कहना है शिवसेना जम्मू-कश्मीर इकाई प्रमुख मनीश साहनी का।
पार्टी प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी के नेतृत्व में एकत्रित शिव सैनिकों ने शेख हसीना, सीमा हैदर को वापिस भेजो अवैध रोहिंगियों, बांग्लादेशियों को बाहर निकालो लिखे प्लेकार्ड पकड़ जोरदार प्रदर्शन किया। साहनी ने अपने संबोधन में कहा कि बंगलादेश में हिन्दुओं पर हमलों का सिलसिला जारी है। गत दिवस बंगलादेश की पूर्व राष्ट्रपति शेख हसीना के लाइव भाषण के दौरान बंगलादेश के राजशाही जिले के फुदकी गांव में हिन्दुओं को निशाना बनाया। मंदिर में मौजूद सरस्वती देवी की मूर्ति को तोड़ दिया गया। सत्तांतरण के बाद से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के दौर रुके नहीं हैं। साहनी ने कहा कि भाजपा का रोहिंग्यों व बंग्लादेशियों के खिलाफ हो-हल्ला मात्र चुनावी स्टंट है। बंगलादेश के साथ 36 का आंकड़ा होने के बावजूद आज भी 856 किलोमीटर के करीब इंडो-बांग्लादेश बॉर्डर खुला पड़ा यानि फेंसिंग नहीं है।
वहीं 2007 में जारी आंकड़ों के अनुसार करीब 1.2 करोड़ अवैध बांग्लादेशी भारत में थे। अनुमानित आंकड़ों के अनुसार आज करीब दो करोड़ बांग्लादेशी भारत में अवैध रूप से डेरा डाले हैं। बंगलादेश के साथ अपने रिश्तों को ताक पर रख भारत सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति शेख हसीना को भारत में पनाह दे रखी हैं। वहीं पाकिस्तान महिला सीमा हैदर जो करीब दो साल पूर्व अपने चार बच्चों समेत अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुई थी। आज अपने पांचवें बच्चे की मां बनने वाली हैं। जबकि अमेरिका बेड़ियां पहनाकर भारतीयों को वापिस भेज रहा है।
अतिसंवेदनशील जम्मू-कश्मीर में रोहिंग्याओं की संख्या सरकारी आंकड़ों से कहीं ज्यादा है। इनका बायो मैट्रिक्स डेटा भी पुलिस प्रशासन के पास नहीं है। हालही में कश्मीर में महिला तस्करी जैसे घिनौना कई मामलों सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि गहन जांच पड़ताल हो तो दर्जनों सीमा हैदर कश्मीर में मिल सकती है। साहनी ने केंद्र की मोदी सरकार व जम्मू-कश्मीर समेत तमाम राज्य सरकारों से अमेरिका से सबक लेते हुए रोहिंग्या व अवैध बांग्लादेशियों की पहचान कर राज्य व देश की सीमा से बाहर भेजने के लिए तत्काल व सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर मीनाक्षी छिब्बर, विकास बख्शी, राज सिंह, यशपाल, रशोअल, विजय, ओमप्रकाश समेत कई अन्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोनिका रानी