
सोनभद्र, 7 मार्च (हि.स.)। राबर्ट्सगंज व चोपन थाना क्षेत्र में एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग जगहों से छापेमारी कर ओड़िशा के कटक जिले से पंजाब ले जा रहे दो गाड़ियों से कुल पांच क्विंटल 10किग्रा गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ पांच लाख रूपये है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने शुक्रवार को बताया कि तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस की संयुक्त टीम ने दो जगहों पर घेराबंदी कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त टीम ने वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर बिहारी ढाबा के पास से एक संदिग्ध मिनी ट्रक को जांच के लिए रोका। जांच में पुलिस को दो किलोग्राम के 85 बंडल व एक किलोग्राम के 95 बंडल में पैक कुल 265 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस टीम ने इस मामले में पंजाब राज्य के बरनाला जनपद के संगेड़ा थाना सिटी निवासी जगदीश सिंह पुत्र तारा सिंह व बलजिन्दर सिंह उर्फ बावला पुत्र सरदार कुलविन्दर सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों तस्करों के कब्जे से 265 किलोग्राम अवैध गांजा अनुमानित कीमत 55 लाख रूपए व एक मिनी ट्रक बरामद किया है।
इसी तरह चोपन थाना क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सूचना के आधार पर वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर डाला चढाई के पास एक संदिग्ध ट्रक को जांच के लिए रोका। पुलिस टीम ने जांच के दौरान कुल दाे क्विन्टल 50 किग्रा अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 50 लाख रूपये है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के गुरुदासपुर जिला निवासी प्रकट सिंह उर्फ परगट सिंह पुत्र परमजीत सिंह और बिहार के समस्तीपुर निवासी अजय कुमार पुत्र रामचन्द्र मुखिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चारों तस्करों के खिलाफ संबधित थाने पर एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी