नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। स्पेन फुटबॉल टीम को फीफा विश्व कप 2026 शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार युवा फॉरवर्ड लामिन यामाल हैमस्ट्रिंग चोट के कारण 15 जून को केप वर्डे के खिलाफ होने वाले शुरुआती मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। यह जानकारी ‘द एथलेटिक’ की रिपोर्ट में सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, यामाल अभी पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं और उनके 21 जून को सऊदी अरब के खिलाफ होने वाले दूसरे ग्रुप मुकाबले में खेलने पर भी संशय बना हुआ है।
18 वर्षीय यामाल को यह चोट 22 अप्रैल को एफसी बार्सिलोना की ओर से खेलते हुए सेल्टा वीगो के खिलाफ मैच में लगी थी। उस मुकाबले में पेनल्टी पर गोल करने के दौरान उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट आ गई थी, जिसके बाद वह क्लब सीजन के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए थे।
दूसरी ओर, बार्सिलोना के ही मिडफील्डर फरमिन लोपेज भी चोटिल होकर लगभग पूरे विश्व कप से बाहर हो गए हैं। रियल बेटिस के खिलाफ मैच के पहले हाफ में उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसके लिए सर्जरी करानी पड़ेगी।
स्पेन अपना पहला मुकाबला 15 जून को अमेरिका के अटलांटा में केप वर्डे के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद टीम 21 जून को सऊदी अरब और 26 जून को उरुग्वे से भिड़ेगी। उरुग्वे के खिलाफ यह मुकाबला मेक्सिको के ग्वाडलाहारा में खेला जाएगा।
फीफा की ताजा पुरुष विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर मौजूद स्पेन अपनी 26 सदस्यीय विश्व कप टीम की घोषणा अगले सोमवार को करेगा।
गौरतलब है कि लामिन यामाल ने यूरो 2024 में शानदार प्रदर्शन कर स्पेन को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। स्पेन के लिए 25 मैचों में उनके नाम 6 गोल दर्ज हैं। वहीं, बार्सिलोना के लिए इस सीजन ला लीगा में 28 मैचों में 16 गोल और सभी प्रतियोगिताओं में 45 मैचों में कुल 24 गोल किए।
---------------

