इस साल में पहली बार बहादुरगढ़ ग्रीन जोन में, एक्यूआई महज 88

झज्जर, 13 फ़रवरी (हि.स.)। तेज हवा ने जहां ठंडक बढ़ा दी है। वहीं प्रदूषण को भी पूरी तरह लुढ़का दिया है। गुरुवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र ग्रीन जोन में पहुंच गया। ऐसा वर्ष 2025 में पहली बार हुआ है। अब तक लोग येलो, ऑरेंज और रेड जोन में सांस ले रहे थे। अब उन्हें काफी राहत मिली। बहादुरगढ़ वासी अब साफ हवा में सांस ले रहे हैं। गुरुवार को आसमान पूरी तरह नीला दिखाई दिया। हवा की गति 12 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। एक्यूआई सुबह के समय जहां 92 पर दर्ज किया गया। वहीं दिनभर हवा तेज चलने के बाद शाम 4 बजकर 5 मिनट पर एक्यूआई महज 88 रह गया। मौसम विभाग के अधिकारियों की मानें तो प्रदूषण का स्तर अगले दो-तीन तक ऐसा ही बना रहेगा। वहीं हवा चलने के कारण ठंडक भी बरकरार रहेगी।

कई दिनों से तापमान 26 और 27 डिग्री पर चल रहा था। तेज ठंडी हवा चलने के बाद इसमें एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 16 फरवरी को तापमान 30 डिग्री के स्तर को छू सकता है। ऐसे में अब तापमान कम नहीं होगा। गर्मी का सिलसिला बढ़ेगा। हवा में नमी का स्तर 28 से 95 प्रतिशत तक रहा। दिनभर धूप भी तीखी रही। हवा चलने के कारण धूप लोगों को अच्छी लगी। 14 फरवरी को हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहने का अनुमान है।

अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 15 फरवरी से हवा कमजोर पड़ जाएगी। तापमान फिर बढ़ना शुरू हो जाएगा। अधिकतम तापमान 27 से 29 और न्यूनतम 10 से 12 डिग्री तक रह सकता है। 16 से 18 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 11 से 14 डिग्री रह सकता है। लगातार तापमान बढ़ने का मुख्य कारण जनवरी से ही बारिश की कमी, कमजोर हवा और कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस है। अब अगले तीन दिनों में तापमान के और अधिक बढ़ने की संभावना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि 19 से 21 फरवरी के बीच हल्की बारिश की संभावना है। जबकि 20 और 21 फरवरी को बारिश होने के ज्यादा आसार हैं। वर्ष 2024 में 13 फरवरी को एक्यूआई 253 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर