भवानीपुर में विजय के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का रोड शो, जनता ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
- DSS Admin
- May 13, 2026
कोलकाता, 13 मई (हि.स.)। भवानीपुर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करने के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को क्षेत्र के मतदाताओं को धन्यवाद देने के लिए भव्य रोड शो किया। शाम के समय सुसज्जित वाहन में निकले मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ी। जगह-जगह लोगों ने उन पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।
यह विजय यात्रा चेतला लॉक गेट इलाके से शुरू हुई और हाजरा मोड़ पर समाप्त हुई। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने भवानीपुर के 73, 74 और 82 नंबर वार्डों का परिक्रमा किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।
इस बार के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल रही। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ते हुए शुरुआत से ही अपनी जीत का दावा किया था। अंततः उन्होंने 15,105 मतों के अंतर से ममता बनर्जी को पराजित कर सीट अपने नाम की।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर की यह जीत राजनीतिक रूप से उस मुकाबले का दूसरा अध्याय मानी जा रही है। इस बार उन्होंने पहले की तुलना में कहीं अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की है।
भारतीय जनता पार्टी सूत्रों के अनुसार, भवानीपुर में जीत मिलने के तुरंत बाद ही मुख्यमंत्री ने धन्यवाद यात्रा निकालने का निर्णय ले लिया था। योजना के मुताबिक मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताने के लिए यह रोड शो आयोजित किया गया। गत शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उनके शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ था।
इससे पहले बुधवार सुबह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी विधानसभा पहुंचे, जहां प्रोटेम स्पीकर तापस रॉय ने उन्हें विधायक पद की शपथ दिलाई। परंपरा के अनुसार विधानसभा परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और विधानसभा में मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित कक्ष में पूजा-अर्चना की। शुभेंदु के बाद राज्य मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण किया, जिसके बाद अन्य विधायकों की शपथ प्रक्रिया शुरू हुई।
--------------

