जींद : भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण
- Admin Admin
- Apr 06, 2025

जींद, 6 अप्रैल (हि.स.)। जिलाभर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा के निवास पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा युवा नेता रुद्राक्ष मिड्ढा एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश सचिव डा. भारत भूषण टाक ने जयंती मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ ध्वजारोहण कर उपस्थित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को इस उत्सव की बधाई व शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बलराज पांचाल ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत भूषण टाक ने बताया कि आज का दिन हम सबके लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। छह अप्रैल 1980 को स्थापित भारतीय जनता पार्टी का यह सफर मात्र एक राजनीतिक यात्रा नही बल्कि राष्ट्र आंदोलन के निर्माण की महान साधना है। जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक का यह सफर अनेकों संघर्षों, बलिदानों और समर्पण से भरा रहा है। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस विचारधारा की नींव रखी, उसे आगे बढ़ाने का कार्य पं. दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों ने किया और फिर अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे महान नेताओं के नेतृत्व में यह पार्टी एक विश्वस्तरीय संगठन बनी। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने सेवाएं सुशासन और समर्पण का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवसर पर एक देश एक राष्ट्र चुनाव के जिला संयोजक सुरेंद्र धवन, रीटा धीमान, गीता शर्मा, सुनीता धीमान, संजय सैनी, गुलशन, पृथ्वी, विजय सैनी, सुभाष सहित सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा