जालाैन में ​विहिप नेता के घर से लाखों की चोरी

जालौन, 08 फ़रवरी (हि.स.)। उरई कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात चोरों ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला उपाध्यक्ष के घर से जेवर समेत लाखों की चोरी कर ली। शनिवार को घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

मोहल्ला नया पटेल नगर निवासी संदीप तिवारी विहिप जिला उपाध्यक्ष और उद्योग व्यापार मंडल में जालौन के नगर अध्यक्ष हैं। उनकी गल्ला मंडी जालौन में आढ़त है। पांच फरवरी को वह अपनी पत्नी शालिनी तिवारी, पुत्र श्रेयांश के साथ बरुआ सागर शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। घर में ताला लगा था। बीती रात चोरों ने सूना मकान पाकर घर में धावा बोल दिया। कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों के जेवर समेत चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। शनिवार दोपहर घर की सफाई के लिए सुनीता पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर कमरें में गयीं। सामान बिखरा हुआ, अलमारी टूटी देखकर चोरी की जानकारी संदीप को दी। घर आकर उन्होंने देखा तो सामान गायब था। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी व फोरेंसिक टीम ने जांच की।

पुलिस के लिए यह भी चुनौती है कि विहिप नेता के घर के सामने ही जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का मकान है। यहां पर चौबीस घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। गार्ड की ड्यूटी होने पर चोर घर में कैसे घुस गए और गार्डों को आहत तक नहीं हुई।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस मामले काे संदिग्ध मान रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

   

सम्बंधित खबर