झज्जर: बहादुरगढ़ के मकान से करीब एक करोड़ का माल ले गए चोर

झज्जर, 21 मार्च (हि.स.)। बहादुरगढ़ के मॉडल टाउन में चोरी की बड़ी वारदात हो गई। चोरों ने यहां बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। गेट फांदकर चोर मकान में घुसे और पांच लाख की नगदी सहित करीब एक करोड़ रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर नजर आए हैं। शहर थाना पुलिस ने शुक्रवार काे शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

चोरी की है बड़ी वारदात मॉडल टाउन की निवासी यशवंती देवी के यहां हुई। पिछले कुछ समय से वह यहां मकान में अकेली रह रही थी। तबीयत खराब होने के चलते वह कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। पीछे से मकान बंद था। गुरुवार रात इसी का लाभ चोरों ने उठाया और बंद पड़े मकान को निशाना बना लिया।

यशवंती घर में चोर मुख्य गेट की दीवार कूदकर अंदर घुसे, फिर अंदर वाला दरवाजा उखाड़ कर कमरों में प्रवेश किया और तसल्ली से वारदात कर डाली। सुबह परिवार के लोग मकान में आए तो वारदात का पता चला। अंदर कमरों में तमाम सामान बिखरा हुआ था। अलमारी खंगाली गई थी। जांच के दौरान पांच लाख की नकदी, सोने के चार कड़े, दो जेंट्स गोल्ड चेन, दो लेडीज चेन, 110 चांदी के सिक्के, सोने की तीन जोड़ी बालियां, सोने की 10 जेंट्स अंगूठी, दो सोने के सिक्के, दो नेकलेस, मांग टीका, सोने का जेंट्स कड़ा, चांदी की तीन मूर्तियां, मोबाइल तथा अन्य सामान गायब था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

वारदात को अंजाम देने वाले चोर आसपास लगे सीसीटीवी में भी दिखाई दिए हैं। फुटेज में दो चोर नजर आ रहे हैं। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कोई भी आला अधिकारी इस सम्बंध में मीडिया के कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। इन दिनों शहर में बंद पड़े मकान में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ गई है। जिससे आम आदमी बेहद परेशान है तो वही पुलिस की नाक में भी चोरों ने दम कर रखा है। अब देखना होगा कि पुलिस आखिर चोरों तक कब तक पहुंचने में कामयाब हो पाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर