कोलकाता, 13 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम तिलजला इलाके में बुलडोजर पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पूरे इलाके को केंद्रीय बलों ने घेर लिया। जिस फैक्ट्री में मंगलवार को आग लगी थी, उसे सरकार ने अवैध बताया है। इसके बाद नगर निगम की टीम वहां अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए पहुंची।
मुख्यमंत्री ने अवैध कारखानों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जिन कारखानों के पास नगर निगम की स्वीकृत नक्शा नहीं होगा, उन्हें गिरा दिया जाएगा। उनके निर्देश के अनुसार नगर निगम की ओर से बुलडोजर भेजा गया।
उन्होंने यह भी कहा कि जो भी कारखाने अवैध पाए जाएंगे, उनका पानी और बिजली का कनेक्शन भी काट दिया जाएगा। तिलजला में दो लोगों की मौत के बाद सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है।
उन्होंने बताया कि किन-किन कारखानों का निर्माण अवैध है, इसकी जांच की जाएगी। कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। साथ ही कसबा, तिलजला, मोमिनपुर और इकबालपुर जैसे इलाकों में जिन इमारतों के पास बिल्डिंग प्लान की मंजूरी नहीं है, उनकी भी जांच की जाएगी।
---------------

