वाराणसी में दस जून से संचालित होगा विटामिन-ए सम्पूरण अभियान, करीब चार लाख बच्चों को खुराक का लक्ष्य : मुख्य चिकित्सा अधिकारी
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
वाराणसी, 09 जून (हि. स.)। वाराणसी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने मंगलवार काे बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद वाराणसी में दस जून 2026 से विटामिन-ए सम्पूरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत नौ माह से पांच वर्ष तक आयु वर्ग के कुल 3,92,921 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही छह माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप भी उपलब्ध कराया जाएगा। विटामिन-ए बच्चों की आंखों की रोशनी, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक पोषक तत्व है। इसकी कमी से बच्चों में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र अथवा निर्धारित सत्र स्थल पर अवश्य ले जाकर विटामिन-ए की खुराक दिलाएं।
डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि विटामिन-ए सम्पूरण अभियान के साथ-साथ बच्चों में एनीमिया की रोकथाम हेतु आईएफए सिरप का वितरण भी किया जाएगा। आयरन की कमी बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित करती है। नियमित रूप से आईएफए सिरप के सेवन से बच्चों में रक्ताल्पता की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है। अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उपकेन्द्रों पर आवश्यक दवाओं एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं।
---------------

