देश की महिलाएं विषैली राजनीति नहीं करेंगी स्वीकार: रुचि भट्ट
- DSS Admin
- May 21, 2026
देहरादून, 21 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रूचि भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए कथित तौर पर 'गद्दार' शब्द के प्रयोग पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक करार दिया।
प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. दिव्या नेगी की ओर से जारी बयान में रूचि भट्ट ने कहा कि यह बयान केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि देश की जनता की ओर से दिए गए जनादेश और लोकतांत्रिक व्यवस्था का भी अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक निराशा और असफलता को आक्रामक एवं असंयमित भाषा के माध्यम से छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन आलोचना और अभद्रता के बीच स्पष्ट अंतर होता है। उनका कहना था कि देश की महिलाएं इस तरह की विषैली और गैर-जिम्मेदार राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगी और भारतीय संस्कृति संवाद, शालीनता और सम्मान की राजनीति सिखाती है।
उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बना रहा है और ऐसे समय में विपक्ष से रचनात्मक सुझावों की अपेक्षा होती है। भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी से अपने बयान पर देश से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपनी भाषा और व्यवहार की जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

