अपडेट---मानेसर में चूकी भाजपा, निर्दलीय इंद्रजीत यादव ने बने मेयर
- Admin Admin
- Mar 12, 2025

-20 वार्डों में से 13 निर्दलीय उम्मीदवार जीते, भाजपा 7 उम्मीदवार ही जिता पाई
-भाजपा मेयर प्रत्याशी दूसरे नंबर पर, तीसरे पर निर्दलीय डा. विजय नंबरदार व कांग्रेस प्रत्याशी नीरज यादव चौथे स्थान पर रहे
गुरुग्राम, 12 मार्च (हि.स.)। बुधवार को नगर निगम मानेसर चुनाव की मतगणना के साथ ही भाजपा को बड़ा झटका लगा। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी डा. इंद्रजीत यादव ने जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी सुंदर लाल यादव दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी डा. विजय सिंह नंबरदार रहे। कांग्रेस एक बार फिर से पिछड़ गई। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहे। यह स्थिति कांगे्रस के लिए गंभीर चिंतन का विषय है।
मानेसर से मेयर पद के लिए निर्दलीय डॉ. इंद्रजीत यादव 2293 वोट से विजयी हुई। डॉ. इंद्रजीत यादव को 26393 वोट मिले। दूसरे नम्बर पर रहे भाजपा प्रत्याशी सुंदर लाल सरपंच को 24100 वोट मिले। तीसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी विजय सिंह नंबरदार रहे, उन्हें 9163 वोट मिले। चौथे स्थान पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी नीरज यादव को 5143 वोट मिले। गुरुग्राम जिला हरियाणा का पहला ऐसा जिला है, जहां पर दो-दो नगर निगम हैं। गुरुग्राम नगर निगम पहले से है। मनोहर सरकार में मानेसर नगर निगम का गठन किया गया। मानेसर नगर निगम का यह पहला चुनाव था। गुरुग्राम नगर निगम व मानेसर नगर निगम पूरे हरियाणा में भाजपा के लिए सबसे अहम थे। भाजपा की ओर से चुनाव प्रचार में खूब दांव-पेंच लगाए गए। गुरुग्राम से ज्यादा फोकस मानेसर नगर निगम में ही रहा। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर समर्थित भाजपा मेयर प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव की जीत के लिए सिर्फ राव नरबीर सिंह ही नहीं, सीएम नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मानेसर की जनता को लुभाने के लिए खूब प्रयास किए। औद्योगिक क्षेत्र होने के नाते मानेसर में पूर्वांचल का भी अच्छा-खासा वोट बैंक है। वहां पर दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी को बुलाकर पूर्वांचलियों का वोट लेने के प्रयास किए गए। इसके बाद भी भाजपा मानेसर की सीट नहीं निकाल पाई।
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुडग़ांव से सांसद राव इंद्रजीत सिंह की चुनाव से दूरी भी भाजपा प्रत्याशी की हार का कारण बतायी जा रही है। सुंदर लाल के कार्यकर्ताओं में उनकी निष्क्रियता से रोष है। यहां से उनकी पसंद के नेता को भाजपा ने टिकट नहीं दी गई। इसलिए चुनाव में वे सक्रिय नजर नहीं आए। चुनाव के अंत में उनका एक वीडियो जारी हुआ, जिसमें उन्होंने जनता से वोटों की अपील की। हालांकि उस वीडियो को लेकर भी सवाल खड़े हुए कि वह एआई तकनीक से तैयार किया गया है। उस वीडियो पर कोई स्पष्टीकरण नहीं आया। आखिरकार निर्दलीय प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की नाम राशि डा. इंद्रजीत यादव ने मेयर का चुनाव जीतकर मानेसर की बाजी को पलट दिया। मानेसर की जनता ने भाजपा का विजय रथ रोक दिया।
20 वार्डों में से निर्दलीय 13 व भाजपा के 7 पार्षद बने
मानेसर नगर निगम के 20 वार्डों में पार्षदों में भी भाजपा को झटका लगा है। भाजपा के यहां से मात्र 7 पार्षद जीते, जबकि 13 निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव जीता है। वार्ड 1 से निर्दलीय जुगमुंदर, वार्ड 2 से भाजपा के दीपक चौहान, वार्ड 3 से भाजपा की रुचि कौशिक, वार्ड 4 से भाजपा की रिपु शर्मा, वार्ड 5 से भाजपा के दिनेश यादव, वार्ड 6 से भाजपा के बालकिशन, वार्ड 7 से भाजपा के कंवरपाल, वार्ड 8 से निर्दलीय जतन लाल, वार्ड 9 से भाजपा की ज्योति वर्मा, वार्ड 10 से निर्दलीय रामप्रकाश, वार्ड 11 से निर्दलीय मनोज कुमार, वार्ड 12 से निर्दलीय प्रवीण कुमार, वार्ड 13 से निर्दलीय रविंद्र उर्फ रिबन फौजी, वार्ड 14 से निर्दलीय संगीता यादव, वार्ड 15 से निर्दलीय पिंकी, वार्ड 17 से निर्दलीय पिंकी कुमारी, वार्ड 18 से निर्दलीय प्रवेश यादव, वार्ड 19 से निर्दलीय रवि कुमार व वार्ड 20 से भाजपा के प्रताप सिंह ने चुनाव जीता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर