इंजीनियरिंग क्षेत्र में भी बढ़े महिलाओं की भागीदारी : रेखा आर्य
- Admin Admin
- Apr 15, 2025

देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भी महिलाओं की ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित अधिकारी मनोरंजन सदन में मंत्री रेखा आर्य ने उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर संगठन के 11वें महा अधिवेशन को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मंत्री रेखा आर्य ने जूनियर इंजीनियर्स की प्रमोशन की मांग पर कहा कि सरकार की ओर से कमेटी इसलिए गठित की गई है ताकि उनके प्रमोशन में किसी तरह की तकनीकी विसंगति ना रह जाए। कमेटी तय समय सीमा में अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद सरकार जल्द प्रमोशन करेगी। मंत्री ने कहा कि पेंशन और वेतन विसंगति समेत सभी मांगों पर वे मुख्यमंत्री के समक्ष जूनियर इंजीनियर्स के पक्ष को रखेंगी और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भी अब महिलाएं आगे आ रही हैं लेकिन अभी भी उनकी भागीदारी कम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भी महिलाएं पुरुषों के बराबर हिस्सेदारी करेंगी।
अधिवेशन में संगठन के पदाधिकारी व अन्य लोगों ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन को लेकर खेल मंत्री को बधाई दी। जिस पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में विद्युत विभाग के इंजीनियर्स ने भी बहुत तेजी और सजगता से काम किया। इससे सभी व्यवस्थाएं बनाने में बड़ा सहयोग मिला। अधिवेशन के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का चयन भी किया गया।
इस अवसर पर संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, केंद्रीय महासचिव पवन सिंह रावत, केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल अग्रवाल, एन कोठियाल, आरके जैन, जेसी पंत आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार