(अपडेट) जन्मदिवस पर तनोट में वसुन्धरा राजे ने करवाया शत्रु विनाशक यज्ञ
- Admin Admin
- Mar 08, 2025

जैसलमेर/जयपुर, 8 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने अपना जन्मदिवस शनिवार काे भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सैनिकों के बीच मनाया। उन्होंने तनोटराय माता की पूजा अर्चना की और सैनिकों की रक्षा और देश की सुरक्षा के लिए शत्रु विनाशक यज्ञ करवाया। प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
उन्हाेंने कहा कि मां की कृपा से कमल खिलता रहे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का जनाधार बढ़ता रहे और विचारधारा का जो दीपक मेरी मां राजमाता ने जलाया था, उसकी लाै लगातार तेजी से बढ़ती रहे। जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी व पोकरण विधायक प्रताप पुरी महाराज उनके साथ थे।
राजे बिना किसी सूचना के तनोट पहुंची, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को पता लगा तो वे बड़ी संख्या में उन्हें बधाई देने वहां पहुंच गए। राजे ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तानी सेना ने माता रानी के इस मंदिर पर आक्रमण करने का असफल प्रयास किया। दोनों ही बार पाकिस्तान ने मात खाई। राजे का जन्म दिवस पूरे प्रदेश में मनाया गया। सभी जिलों में जगह-जगह गायों को चारा खिलाकर मरीजों को फल वितरण किया गया। इस दाैरान सुंदरकांड के पाठ कर महिलाओं का सम्मान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित