भारत ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2025 में 134 पदकों के साथ पदक तालिका में किया शीर्ष स्थान हासिल
- Admin Admin
- Mar 14, 2025

नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। भारत ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 134 पदक (45 स्वर्ण, 40 रजत और 49 कांस्य) जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय एथलीटों ने ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूती, गहराई और संकल्प का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन के प्रमुख परिणाम:
महिला 200 मीटर टी35–टी38: ऑस्ट्रेलिया की रियानन क्लार्क ने स्वर्ण जीता, जबकि न्यूट्रल पैरा एथलीट्स की मार्गरीटा गोंचारोवा ने रजत और भारत की प्रीति पाल ने कांस्य पदक हासिल किया।
महिला लंबी कूद टी38, टी44, टी61: ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज एथलीट वनेसा लो ने 4.96 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। झनाना फेकोलिना ने रजत, जबकि भारत की भवानी मुनियांडी ने 3.51 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीता।
पुरुष शॉट पुट एफ40–एफ41: न्यूट्रल पैरा एथलीट्स के डेनिस ग्नेज़दिलोव ने स्वर्ण, आइयाल सिव्तसेव ने रजत, और भारत के रवि रंगोली ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष 200 मीटर टी35: न्यूट्रल पैरा एथलीट्स के दिमित्री साफरोनोव ने 24.20 सेकंड में स्वर्ण जीता, जबकि भारत के विनय (29.58 सेकंड) ने रजत और अभिषेक बाबासाहेब जाधव (31.55 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष 200 मीटर टी37: इस स्पर्धा में न्यूट्रल पैरा एथलीट्स ने स्वर्ण, रजत और कांस्य जीतकर क्लीन स्वीप किया।
पुरुष शॉट पुट एफ11–एफ20: भारत के सागर ने 11.47 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जंका सिंह (9.91 मीटर) ने रजत और बालाजी राजेन्द्रन (9.89 मीटर) ने कांस्य पदक जीता।
महिला लंबी कूद टी20–टी37: इरीना सपान्झा (5.35 मीटर) ने स्वर्ण, वेलेंटीना (5.16 मीटर) ने रजत और भारत की भूमि अग्रवाल (4.16 मीटर) ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष शॉट पुट एफ33–एफ34: उज्बेकिस्तान के सरवरबेक और हुसेन ने क्रमशः स्वर्ण और कांस्य जीता, जबकि भारत के देवर्षी ने रजत पदक अपने नाम किया।
पुरुष 200 मीटर टी44: भारत के मीत भरतभाई पटेल ने 26.68 सेकंड में रजत पदक हासिल किया, जबकि अंकुर ने अपनी श्रेणी में 31.23 सेकंड के साथ रजत पदक जीता।
पुरुष 200 मीटर टी61–टी64: जापान के युमा तमाकी ने 24.16 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के प्रणव प्रशांत (24.75 सेकंड) ने रजत और नरेश ने कांस्य पदक जीता।
महिला डिस्कस थ्रो एफ56–एफ57: भारत की फातिमा, सुमन बाला और आशा जलंधर ने क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य जीतकर क्लीन स्वीप किया।
पुरुष शॉट पुट एफ35–एफ37: उज्बेकिस्तान के कुडरातिल्लोखोन (14.89 मीटर) ने स्वर्ण, एलन कोकोइटी (14.68 मीटर) ने रजत और न्यूट्रल पैरा एथलीट्स के अल्बर्ट ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष 5000 मीटर टी11–टी12: भारत ने एक और क्लीन स्वीप करते हुए शरथ (स्वर्ण), सौरभ (रजत) और अंकुर (कांस्य) ने पोडियम पर जगह बनाई।
भारत की इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उसे पदक तालिका में शीर्ष स्थान दिलाया बल्कि यह भी साबित कर दिया कि देश पैरा एथलेटिक्स में वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। वनेसा लो जैसी दिग्गज अंतरराष्ट्रीय एथलीटों की उपस्थिति और भारत के युवा पैरा एथलीटों के दमदार प्रदर्शन ने इस ग्रां प्री को समावेशिता, दृढ़ संकल्प और खेल उत्कृष्टता का उत्सव बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे