करतापुर निवासियों ने नगर निगर चुनाव से पहले की मांग:एसएचओ और मुख्य मुंशी के तबादले की उठी मांग, निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील
- DSS Admin
- May 16, 2026
पंजाब में होने वाले आगामी करतारपुर नगर काउंसिल चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए स्थानीय निवासियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर बड़ी मांग की है। निवासियों का आरोप है कि करतारपुर थाना के एसएचओ (SHO) इंस्पेक्टर रमन कुमार और मुख्य मुंशी हेड कांस्टेबल मंजीत सिंह राजनीतिक प्रभाव में काम कर रहे हैं। चुनाव में किसी भी तरह के राजनीतिक हेरफेर को रोकने के लिए इन दोनों पुलिस अधिकारियों को तुरंत करतारपुर उप-मंडल के अधिकार क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की गई है। करतारपुर के स्थानीय निवासियों ने पंजाब के मुख्य चुनाव आयुक्त को एक लिखित शिकायत भेजकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।शिकायत पत्र में करतारपुर थाना के एसएचओ रमन कुमार और मुख्य मुंशी मंजीत सिंह को तुरंत वहां से हटाने की अपील की गई है। विधायक के दबाव में कर रहे काम स्थानीय आवेदकों का कहना है कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से ये दोनों पुलिस अधिकारी स्थानीय विधायक श्री बलकार सिंह के राजनीतिक दबाव और प्रभाव में काम कर रहे हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि ये अधिकारी जनता की सेवा करने के बजाय केवल अपने निजी लाभ और विधायक के राजनीतिक हितों को पूरा करने में लगे हुए हैं। चार साल से करतारपुर उप-मंडल के क्षेत्र में कर रहे काम शिकायतकर्ताओं ने इस बात को भी रेखांकित किया है कि दोनों अधिकारी पिछले चार वर्षों से लगातार करतारपुर उप-मंडल के तहत आने वाले विभिन्न थानों, जैसे करतारपुर, मकसूदां और लांबड़ा में ही तैनात रहे हैं । इतने लंबे समय से एक ही क्षेत्र में जमे होने के कारण उनका स्थानीय स्तर पर गहरा प्रभाव बन चुका है। निवासियों ने आशंका जताई है कि यदि ये अधिकारी करतारपुर नगर काउंसिल निर्वाचन क्षेत्र की सीमाओं के भीतर तैनात रहते हैं, तो आगामी चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से नहीं हो पाएंगे । उन पर आरोप है कि वे परोक्ष रूप से सत्ताधारी दल के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी आम जनता को डरा-धमका रहे शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ये पुलिस अधिकारी आम जनता को डरा-धमका रहे हैं । लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर एक विशेष राजनीतिक दल के उम्मीदवारों को वोट देने के लिए मजबूर किया जा रहा है। निवासियों का कहना है कि करतारपुर थाने में इन अधिकारियों द्वारा अपने पद का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है। इस मांग पत्र की प्रतियां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP), उपायुक्त जालंधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जालंधर ग्रामीण और निर्वाचन अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। पत्र के अंत में राहत, मयंक सिंह, गुरमीत कौर और कमलजीत कौर सहित कई स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर भी किए हैं। बता दें कि राज्य चुनाव आयोग, पंजाब द्वारा नगर निगम/नगर कौंसिल/नगर पंचायत की आम चुनाव-2026 संबंधी जारी शेड्यूल के अनुसार जिले में 5 नगर कौंसिलों और 2 नगर पंचायतों के लिए नामांकन भरने के आज तीसरे दिन कुल 105 नामांकन प्राप्त हुए, जिसके साथ अब तक कुल नामांकनों की संख्या 122 हो गई है। ये चुनाव 26 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगी और वोटों की गिनती 29 मई 2026 को होगी।

