पठानकोट में क्लर्क के घर से लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी:11 दिन पहले खाली कर अलमारी में रखा, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
- Neha Gupta
- Jun 26, 2026
पठानकोट के शाहपुरकंडी क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी क्लर्क के घर की अलमारी से उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी हो गई। शिकायतकर्ता क्लर्क का कहना है कि 11 दिन पहले ही उसने रिवाल्वर को खाली कर घर की अलमारी में रखा था। लेकिन, जब उसे साफ करने के लिए अलमारी खोली तो रिवॉल्वर चोरी हो चुकी थी। शिकायत मिलने पर शाहपुरकंडी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। .32 बोर की रिवॉल्वर हुई चोरी शिकायतकर्ता थड़ा उपरला गुरमीत ठाकुर ने बताया कि वह जल स्रोत विभाग, रणजीत सागर डैम कार्यालय, शाहपुरकंडी में बतौर क्लर्क तैनात हैं। उनके नाम पर एक लाइसेंसी .32 बोर की रिवॉल्वर (नंबर: WAA-44319) जारी है, जिसके लाइसेंस की वैधता दिसंबर 2021 से दिसंबर 2026 तक है। उन्होंने बताया कि बीते 10 मई की शाम करीब 6 बजे उन्होंने अपनी इस रिवॉल्वर को खाली करके घर की लोहे की अलमारी में सुरक्षित रखा था। सफाई करने के लिए खोली अलमारी, तो उड़े होश शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने 21 जून को सुबह करीब 10 बजे रिवॉल्वर की सफाई करने के लिए लोहे की अलमारी को खोला और चेक किया, तो रिवॉल्वर वहां से गायब थी। अलमारी में रिवॉल्वर न पाकर उनके होश उड़ गए। शिकायकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने तुरंत अपने परिवार के सदस्यों से इस बारे में पूछताछ की, लेकिन उन्होंने रिवॉल्वर देखने या छूने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने अपने स्तर पर भी हर संभावित जगह तलाश की, लेकिन रिवॉल्वर का कुछ पता नहीं चला। शिकायतकर्ता का को पूरा यकीन है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके घर से लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी करके ले गया है। जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने वीरवार की रात मामला दर्ज किया। पीड़ित क्लर्क की शिकायत और बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आस-पास के क्षेत्रों और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, ताकि चोरी गई रिवॉल्वर को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।

