हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर नड्डा ने दी बधाई

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.) । हरियाणा में नगर निगम चुनाव के नतीजों में भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया है। यहां के 10 नगर निगमों में से 09 पर भाजपा और 01 पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुआ है। हरियाणा निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश के समस्त कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी है।

जेपी नड्डा ने एक्स पर बधाई देते हुए कहा कि

नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में वार्ड स्तर तक पहुंची जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकासोन्मुखी नीतियों पर जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास का प्रतिबिंब है।

हरियाणा में 10 नगर निगमों में 9 पर मेयर चुनाव भाजपा जीती। पानीपत, हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, सोनीपत और करनाल और रोहतक में भाजपा जीत गई है। मानेसर में स्वतंत्र उम्मीदवार की जीत हुई है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में 2 मार्च को हुए नगर निकाय चुनाव के लिए वोट डाले गए थे, जिसमें 51 लाख वोटर थे। हालांकि, 46 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस बार 7 नगर निगमों- गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर- के महापौर और वार्ड सदस्यों के लिए वोटिंग हुई थी। उधर, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के महापौर पद के लिए भी उपचुनाव हुए थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

   

सम्बंधित खबर