भ्रष्टाचार की शिकायत पर होगी सघन जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई : मुख्यमंत्री
- Admin Admin
- Mar 28, 2025

देहरादून, 28 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को दोहराते हुए सभी विभागों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायतों पर सघन जांच कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विभाग स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में 1064 हेल्पलाइन और सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के लिए सभी विभागों की ओर से अपने स्तर से प्रयास किया जाए। विभागों में जिन मामलों में अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उन विभागों की ओर से इसके समाधान के लिए उचित कार्यवाही की जाए। एक ही स्थान पर लंबे समय से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का समय-समय पर ट्रांसफर किया जाए।
मुख्यमंत्री कहा कि 1064 हेल्पलाइन की प्रभावशीलता को नियमित बनाये रखने के लिए सभी विभाग विजिलेंस को सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत पर सघन जांच के साथ कठोर कार्यवाही भी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता की गोपनीयता बनी रहे और भ्रष्टाचार की शिकायत होने पर यदि वह सही पाई जाती है, तो शिकायतकर्ताओं को प्रोत्साहित भी किया जाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए विभाग स्तर पर नोडल अधिकारी बनाये जाएं और उनको प्रशिक्षण भी दिया जाए। भ्रष्टाचार निवारण में सभी विभाग विजिलेंस को सहयोग करें।
बैठक में बताया गया कि पिछले तीन सालों में कुल 66 लोगों को ट्रैप किया जा चुका है। 72 भ्रष्टाचारियों को हिरासत में भी लिया गया है। राजस्व विभाग, पुलिस और विद्युत विभाग में सबसे अधिक कार्मिक ट्रैप किए गए है। 2025 में टोलफ्री नंबर 1064 एवं वेबसाइट से अब तक 343 शिकायतें प्राप्त हुई है, जिन पर कार्यवाही गतिमान है। रिवॉल्विंग फंड के तहत ट्रैप की कार्यवाही में शिकायतकर्ताओं को ट्रैप की धनराशि वापस की जाने की प्रकिया शुरू की गई है, जिसमें वर्तमान में 33 लोगों को ट्रैप की धनराशि वापसी की प्रक्रिया गतिमान है।
बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव न्याय प्रदीप पंत, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, एल. फैनई, आर.मीनाक्षी सुदंरम, निदेशक सतर्कता वी. मुरूगेशन, सचिवगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी उपस्थित थे।-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार