राम नाम में ही छिपा है भक्ति और मुक्ति का मार्ग: सुमित तिवारी
- Admin Admin
- Mar 18, 2025

हरिद्वार, 18 मार्च (हि.स.)। श्री राम नाम विश्व बैंक समिति आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के समापन समारोह में समिति के अध्यक्ष सुमित तिवारी ने भगवान राम के नाम की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम इस संसार के मनुष्यों के कल्याण का आधार है। राम नाम में ही भक्ति और मुक्ति का मार्ग छिपा है।
सुमित तिवारी ने बताया कि उनकी संस्था का पवित्र कार्य देश-विदेश में राम नाम लिखने के लिए पत्रिकाओं को उपलब्ध कराना और उन्हें संग्रहित करना है। उन्होंने जोर दिया कि राम नाम का जाप या लेखन, दोनों ही मानव जीवन को सार्थक बनाने की महत्वपूर्ण युक्तियां हैं।
श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान रस की वर्षा करते हुए कथा व्यास श्री कीर्ति बल्लभ मेदोलिया ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ जीवन के कल्याण का सुधारस है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कानों से इस अमृत का पान करता है, उसका लोक और परलोक दोनों सुधर जाते हैं। उसके पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति होती है और घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है। उन्होंने इस पावन कथा को सभी ग्रंथों का सार बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला