एनयूजेआई का राष्ट्रीय अधिवेशन लोकतंत्र के सशक्त प्रहरियों का महासंगम: मुख्यमंत्री
- Admin Admin
- Mar 09, 2025

एनयूजेआई के राष्ट्रीय अधिवेशन को मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअली संबोधितउत्तराखण्ड राज्य निर्माण में पत्रकारों की अहम भूमिका: गणेश जोशी
हरिद्वार, 9 मार्च (हि.स.)। नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट (इंडिया) के राष्ट्रीय अधिवेशन को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने
वर्चुअली सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि एनयूजे आई के राष्ट्रीय अधिवेशन लोकतंत्र के सशक्त प्रहरियों का महासंगम है। पत्रकारिता का दायरा पहले से और भी बढ़ा है, लेकिन आज के दौर में मीडिया के सामने कई चुनौतियां भी है। सच्चाई को उजागर करती पत्रकारिता समाज का दर्पण है। जो जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाती है और व्यवस्था को जवाबदेही बनाती है।
देवभूमि हरिद्वार में पधारे पत्रकारों का स्वागत करते हुए धामी ने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है और इसे बनाये रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। देवभूमि में आयोजित यह सम्मेलन न केवल पत्रकारिता को सशक्त करेगा बल्कि यह संवाद विचार विर्मश के माध्यम से नई दिशा भी प्रदान करेगा। देवभूमि से उठी चर्चा पूरे देश में सार्थक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगी। पत्रकारों का योगदान समाज और राष्ट्र के निर्माण में अमूल्य है।
हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में आयोजित नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट (इंडिया) के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन विशिष्ट मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्टस (इंडिया) देश के सक्रिय श्रमजीवी पत्रकारों की संस्था है। आजादी से पूर्व एवं वर्तमान में भले ही पत्रकारिता का स्वरुप बदला है, परन्तु देश की मीडिया ने चतुर्थ स्तम्भ की अपनी भूमिका का हमेशा जिम्मेदारी से निर्वहन किया है। देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में आयोजित पत्रकारों के इस महाकुम्भ से भी पूरे देश में बड़ा सन्देश जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने पत्रकारों की पेंशन एवं लघु मझोले समाचार पत्रों को मजबूत बनाने के कार्य किया है। हम अपने प्रदेश में पत्रकारों को पेंशन दे रहे हैं, साथ ही पत्रकारों के आकस्मिक निधन पर भी उनके परिवारों को सहायता आदि प्रदान की जा रही है। मंत्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार पत्रकारों की किसी भी समस्या के तत्काल निस्तारण के प्रति गंभीर है। अधिवेशन मंथन के बाद जो भी अपेक्षा सरकार से होंगी उसको पूरा करने का हम पूरा प्रयास करेंगे।
अधिवेशन में एनयूजे आई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने उत्तराखण्ड सरकार से प्रदेश में यूसीसी की तर्ज पर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने एवं फेक न्यूज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन एनयूजे आई के जिला महामंत्री डाॅ. शिवा अग्रवाल ने किया।अधिवेशन में मचांसीन अतिथियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी, महासचिव प्रदीप तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पाण्डेय, मुख्य संयोजक आदेश त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दधिबल यादव, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य प्रसन्ना मोहंती, संयोजक रामचंद्र कन्नोजिया, प्रेस क्लब अध्यक्ष अमित शर्मा, संयोजक धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला