अशोक तंवर ने सुबह सफीदों में भाजपा की रैली में भाग लिया, दोपहर बाद कांग्रेस में हुए शामिल

जींद, 3 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर ने सुबह सफीदों में आयोजित भाजपा की रैली में भाग लिया और मंच से भाजपा के लिए वोट मांगे लेकिन दोपहर बाद महेंदगढ़ में जाकर कांग्रेस में शामिल हो गए। अशोक तंवर ने पांच साल पहले हुड्‌डा से मतभेद के बाद ही कांग्रेस छोड़ी थी। इसके बाद टीएमसी और आप में भी रहे।

लोकसभा चुनाव के पहले 20 जनवरी को भाजपा में शामिल हुए थे। इस तरह पांच साल में चार पार्टियां बदलीं। 2019 में कांग्रेस छोडऩे के बाद अपना भारत मोर्चा नाम से पार्टी भी बनाई थी। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने तंवर को सिरसा सीट से टिकट दिया था। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस की उम्मीदवार कुमारी सैलजा से हुआ। सैलजा ने तंवर को 2,68,497 वोटों से हराया था। चुनाव के बीच में भाजपा के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। तंवर एससी से आते हैं। इनका 9 सीटों पर असर है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, ऐलनाबाद, रानियां, कालांवाली, डबवाली, रतिया, टोहाना और नरवाना शामिल हैं। ये सभी सीटें सिरसा लोकसभा सीट के अंर्तगत आती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

   

सम्बंधित खबर