प्रधानमंत्री मोदी दाे अक्टूबर को आएंगे झारखंड, हजारीबाग में फूंकेंगे परिवर्तन का बिगुल

रांची, 1 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो अक्टूबर को झारखंड दौरे पर हजारीबाग आएंगे और मटवारी गांधी मैदान में परिवर्तन सभा को संबोधित करेंगे।

वे हजारीबाग की धरती से कई योजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा वे मटवारी गांधी मैदान में भाजपा की परिवर्तन यात्रा महासभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे 3 घंटे 25 मिनट तक प्रदेश में ही रहेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।

प्रधानमंत्री मोदी 17 दिनों में दूसरी बार झारखंड दौरे पर आ रहे हैं जबकि हजारीबाग में तीसरी बार आ रहे हैं। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दो अक्टूबर को दो बजे हजारीबाग पहुंचेंगे। वह साढ़े चार बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली लौटेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के हजारीबाग आगमन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पुलिस विभाग की ओर से भी कर लिया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए एक खास तरह की तकनीक का भी इस्तेमाल हो रहा है। ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर हजारीबाग शहर में सभी मुख्य जगहों पर सीसीटीवी लगा दिये गये हैं। अभी तक एक सौ से अधिक सीसीटीवी लगाये जा चुके हैं। नगवां हवाई अड्डा से विभावि तक और विनोबा भावे विश्वविद्यालय से जिला परिषद चौक से मटवारी गांधी मैदान सिंघानी चौक तक सीसीटीवी लगाया गया है। इसके अलावा इंद्रपुरी चौक, कार्यक्रम स्थल के ब्रांच रोड में भी कैमरे लगाये गये हैं। अग्निशमन विभाग की छह दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया है।

मिनट टू मिनट कार्यक्रम

दोपहर 1:10 बजे : विशेष विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंडिंग।

दोपहर 1:30 बजे : हजारीबाग के लिए हेलीकॉप्टर से रवानगी।

दोपहर 1:55 बजे : हजारीबाग में जेपीए हेलीपैड पर लैंडिंग।

दोपहर 2:00 बजे : विनोवा भावे विवि में सरकारी कार्यक्रम स्थल।

दोपहर 2:45 बजे : मटवारी कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना।

शाम 5:05 बजे : हेलीपैड से रांची के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना।

शाम 5:30 बजे : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर आगमन।

शाम 5:45 बजे : विशेष विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शारदा वन्दना

   

सम्बंधित खबर