
- गडकरी ने 5800 करोड़ रुपये लागत वाली 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण और भूमि-पूजनभोपाल, 10 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मध्य प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। यहां तेजी से विकास हो रहा है। सबको सुखी, समृद्ध और सशक्त बनाने का विजन लेकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव बड़ी तेजी से प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जा रहे हैं। राजमार्ग सिर्फ एक मार्ग नहीं, यह जन-जन का जीवन बदलने वाले प्रगति पथ होते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 10 सालों में हम देश की अधोसंरचना में व्यापक बदलाव लेकर आए हैं। देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है, इसमें मध्य प्रदेश की भागीदारी भी होगी। मप्र में विकास की ललक दिखाई देती है, इसलिए हम इसे देश के विकास का सबसे बड़ा अंशभागी राज्य बनाएंगे।
केन्द्रीय मंत्री गडकरी गुरुवार को धार जिले के बदनावर के ग्राम खेड़ा में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में 5800 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं एवं संबद्ध अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद थे।
अगले तीन साल में म.प्र. का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बनाएंगे-
गडकरी ने घोषणा करते हुए कहा कि अगले तीन साल में हम मध्य प्रदेश में उपलब्ध राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क को अमेरिका से अच्छा और सुंदर बनाएंगे। अगले एक साल में हम देश में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य अधोसंरचना निर्माण कार्य पूरे करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी देश-प्रदेश के विकास के लिए चार प्रमुख संसाधनों जल, ऊर्जा, परिवहन और अधोसंरचनात्मक विकास की जरूरत होती है और उन्हें खुशी है कि मध्य प्रदेश इन चारों संसाधनों के विकास पर तेजी से बढ़ रहा है।
केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री की मांग पर की छह नई परियोजनाएं की मंजूर-केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मुख्यमंत्री की मांग पर मंच से ही केन्द्रीय सड़क निधि से 12 हजार करोड़ रुपये लागत से 400 कि.मी. लंबाई छह नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण एवं विकास कार्यों को मंजूरी दी। उन्होंने मध्य प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपये की लागत से एनएचएआई द्वारा निर्मित किए जाने वाले पांच नए ग्रीनफील्ड इकॉनामिक कॉरिडोर निर्माण कार्य, रिंग रोड, एलिवेटेड कॉरीडोर, सेतु एवं अन्य निर्माण कार्यों को भी मंजूरी देते हुए इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने की समय-सीमा भी घोषित की
राजमार्ग होते हैं हैप्पीनेस लाने वाले हाइवे-
गडकरी ने कहा कि सड़क परियोजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्र का विकास होगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा, गरीबी दूर होगी। किसानों की फसल को अच्छा दाम मिलेगा। रोड कनेक्टिविटी बढ़ेगी और लोगों के जीवन में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि राजमार्ग हैप्पीनेस लाने वाले हाई-वे होते हैं। हम मध्य प्रदेश के गांव-गांव को सड़कों से जोड़ेंगे, ताकि यहां सबको शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य उपचार और विकास का लाभ मिले।
अटलजी का देश के कायाकल्प का स्वप्न प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहा साकार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में अमृतकाल चल रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने देश का कायाकल्प करने का जो स्वप्न देखा था, प्रधानमंत्री मोदी अटलजी के उसी स्वप्न को साकार करने की दिशा में अनथक गति से अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि इसी अमृतकाल में हमारा देश, विश्व का सबसे अच्छा देश बनकर उभरेगा। सड़कें विकास का सहज पैमाना होती है। इसलिए गांव-गांव तक रोड कनेक्टिविटी बढ़ाकर हम मध्य प्रदेश की जनता की जिन्दगी में बदलाव लाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम रोड कनेक्टिविटी बढ़ाकर गांव के साथ-साथ शहरों को भी स्मार्ट सिटी बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इंदौर-भोपाल जल्द ही मेट्रोपॉलिटिन सिटी बनेंगे। ग्रामीण हो या शहरी सभी को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री गडकरी द्वारा मप्र को 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात देने के लिए आभार जताते हुए कहा कि मालवा अंचल को सीधे तौर पर लाभान्वित करने वाली इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से सरकार को सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन में भरपूर मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गडकरी देश के राजमार्ग विकास पुरूष हैं। उनके नेतृत्व में देश में तेजी से अधोसंरचनात्मक विकास हो रहा है।
ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर, सोमनाथ और ओंकारेश्वर को जोड़ेंगे एक सूत्र में-
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विरासत से विकास की ओर बढ़ रहे हैं। अपनी विरासतों को समृद्ध कर लोगों को जोड़ रहे हैं। केन्द्र सरकार की मदद से हम महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग को केन्द्र में रखकर इसे गुजरात स्थित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर से एक सूत्र में जोड़ेंगे। इसके लिए हमने केन्द्र सरकार से मांग की है। हमारी सरकार केन्द्र के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेगी, जिससे विकासरूपी अमृत का सर्वाधिक लाभ मध्य प्रदेश को मिले। उन्होंने कहा कि हमने जो भी मांगा, केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने हमें समय-समय पर वो सब दिया, पर हम यही नहीं रुकेंगे। प्रदेश के हित में हम नई राष्ट्रीय परियोजनाओं के लिए सतत मांग करेंगे। सिंहस्थ : 2028 के बेहतर आयोजन और श्रद्धालुओं के सहज और सुगम आवागमन के लिए मध्यप्रदेश में एक स्ट्रांग रोड नेटवर्क की स्थापना के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहेंगे।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने जनजातीय आबादी वाले धार जिले के बदनावर के ग्राम खेड़ा में इस भव्य आयोजन के लिए केन्द्रीय मंत्री गडकरी एवं मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि धार से तीन ज्योतिर्लिंग जुड़ते हैं। पर्यटन स्थल मांडू और बदनावर में खुले पीएम मित्र पार्क से इस क्षेत्र के विकास को एक नई गति मिलेगी और रोजगार बढ़ेंगे। कार्यक्रम को नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।
केन्द्रीय मंत्री गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित अतिथियों ने विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन कार्यों पर केन्द्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर