प्रज्वल रेवन्ना को फांसी देने की मांग कर महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

-केन्द्र सरकार पर साधा निशाना, बोली- लगातार बढ़ा है महिलाओं के साथ अपराध का ग्राफ

वाराणसी, 05 मई (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पोते और कर्नाटक के हासन सीट से मौजूदा जद-एस सांसद तथा एनडीए उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ रविवार को महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कचहरी स्थित बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के निकट जुटी कार्यकर्ताओं ने प्रज्वल रेवन्ना को फांसी देने की मांग कर जमकर धरना दिया।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर वाराणसी जिले की जिला एवं महानगर अध्यक्ष अनुराधा यादव एवं पूनम विश्वकर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने केन्द्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। अनुराधा यादव ने कहा कि हाल ही में मास केबल पर महिलाओं के साथ दुराचार, महिलाओं के साथ हिंसा करने और उनका वीडियो बनाने वाले कर्नाटक के जघन्य अपराधी प्रज्वल रेवन्ना की गिरफ्तारी के बाद उसे फांसी की सजा होनी चाहिए।

यह कितने शर्म की बात है कि बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ा है। महिलाओं के साथ हिंसा और यौन जनित अपराधों की लगातार बढ़ती स्थिति से साफ दिखता है कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा में बिल्कुल फेल हो चुकी है। सबसे शर्मनाक बात तो यह है कि जिस प्रज्वल के बारे में खुद भाजपा के विधायक ने गृह मंत्री से शिकायत की थी, उसके बावजूद भी उसे टिकट दिया गया। उन्होंने मांग किया कि इस पैशाचिक दुष्कृत्य की निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी चाहिए, ताकि दोषी को सख्त से सख्त सजा मिले।

धरना प्रदर्शन में पुष्पा, शाहिस्ता, तारा, आरती, मनोरमा, कुमकुम, मनसा, सविता आदि शामिल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर