प्रधानमंत्री मोदी के बयानों को कोई गंभीरता से नहीं लेता: प्रो.रामगोपाल

इटावा, 06 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सोमवार को सैफई स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 400 पार के नारे की बुरी तरह से हवा निकल गई है। भाजपा, इंडिया गठबंधन से डरी हुई है, इसलिए इस लोकसभा चुनाव में भाजपा चार सौ तो दूर दो सौ सीट भी हासिल नहीं करती हुई दिखाई दे रही है।

उन्होंने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन की मजबूती के साथ केंद्र से भाजपा की विदाई तय हो गई है। भाजपा की इस लोकसभा चुनाव में चार सौ सीट तो बहुत दूर की बात है, दो सौ सीट भी आती हुई नही दिखाई दे रही है।

महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों को अब कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। भाजपा का सत्ता से जाना लगभग तय है। भाजपा ने पहले एक बार फिर मोदी सरकार का नारा दिया था जिसके बाद अबकी बार चार सौ पार का नारा दे रही है। यह नारा उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने के लिया दिया है, लेकिन भाजपा वास्तिवकता में दो सौ सीटें भी हासिल नहीं कर रही है। क्योंकि भाजपा के कार्यकर्ताओं का मनोबल जमीन में घुसता चला जा रहा है और भाजपा बुरी तरह से हारती हुई दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि सात मई को तीसरे चरण का संसदीय चुनाव संपन्न होगा, जिसमें इंडिया गठबंधन को मजबूती पहले के दो चरणों के मुकाबले और अधिक मजबूत हो जायेगी। हालांकि पहले और दूसरे चरण में हुए मतदान के बाद इंडिया गठबंधन बेहद मजबूत माना जा रहा है। तीसरे चरण के चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को बहुमत प्राप्त होगा।

प्रोफेसर ने मैनपुरी में हुए समाजवादी पार्टी के रोड शो के बाद हुए हंगामे पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग हताश और निराश है। मैनपुरी संसदीय सीट पर भाजपा के उम्मीदवार कम से कम पांच लाख से अधिक वोटो से हारने जा रहे हैं। भाजपा के उम्मीदवार को जमानत बचाने के लाले पड़े हुए हैं इसलिए जातीय विद्वेष फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

रामगोपाल ने पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के लोग अब समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भड़काने का काम कर रहे हैं। सपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि कोई भी पार्टी का कार्यकर्ता भाजपा की भड़काने वाली नीति में शामिल न हो और मतदान वाले दिन साइकिल वाली बटन दबाकर वोट से भाजपा की भड़काऊ नीति का मुंह तोड़ जवाब दे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर