कांग्रेस हेमंत करकरे के बलिदान को कलंकित न करें ,सीएम शिंदे

मुंबई ,6 मई ( हि स ) | महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने आज यहां ठाणे में कहा है कि कांग्रेस के कुछ नेता अब हेमंत करकरे के बलिदान पर ही सवाल उठाने लगे हैं | उन्होंने कहा की कांग्रेस और उनके साथी शहीद हुए हेमंत करकरे के बलिदान को कलंकित न करें | आज ठाणे में शिवसेना शिंदे समूह के कार्यकर्ताओं की सभा के उपरांत एकनाथ शिंदे ने पत्रकारों से संवाद साधते हुए कहा कि विपक्ष अब पाकिस्तान की भाषा बोलने पर मजबूर हो गया है ,यह उनकी निराशा ही है | एकनाथ शिंदे ने आरोप लगाया कि स्थित यह है कि अब ये लोग कसाब को भी आतंकवादी मानने तैयार नहीं हैं | उन्होंने यह भी कहा कि वह उज्जवल निकम ही थे जिन्होंने दाऊद के खिलाफ केस लड़ने का साहस किया था |

आज ठाणे में टिपटॉप प्लाजा सभागृह में ठाणे लोकसभा से शिवसेना के उम्मीदवार नरेश म्हस्के के समर्थन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधन करने के उपरांत एकनाथ शिंदे पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे | एक सवाल के उत्तर में एकनाथ शिंदे ने कहा की क्या जनता प्रतिवर्ष प्रधान मंत्री बदलने वाली सरकार को पसंद करेगी | शिवसेना को तोड़ने के आरोप पर आज मुख्यमंत्री शिंदे ने स्पष्टीकरण दिया कि जो पार्टी तोड़ने की बात करते हैं वह स्वयं ही महाराष्ट्र में बीजेपी को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे | उन्होंने कहा शायद इसी तारतम्य में भारतीय जनता पार्टी के 12 विधायकों का निष्कासन किया गया था |

ठाणे लोकसभा सीट से शिंदे समूह के नरेश म्हस्के की उम्मीदवारी पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि बीजेपी और आरपीआई सभी साथी ही हैं | नवीमुंबई में बीजेपी के दिग्गज नेता गणेश नाइक और मंदा म्हात्रे भी नरेश म्हस्के के प्रचार में जुटे हैं |

हिन्दुस्थान समाचार /रविंद्र

   

सम्बंधित खबर