लोस चुनाव: घरों से निकलकर अपना वोट जरूर डालें : अखिलेश यादव

लखनऊ, 07 मई (हि.स.)। तृतीय चरण में उप्र की 10 सीटों पर आज (मंगलवार) को सुबह मतदान जारी है। कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहे मतदान को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर मतदाताओं से अपील की कि वे अधिक-से-अधिक संख्या में घरों से निकलकर अपना वोट जरूर डालें। वोट डालने का एक दिन पूरी ज़िंदगी के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में आज उप्र की 10 सीटों पर मतदान जारी हैं। जिन सीटों पर चुनाव हो रहा में संभल, हाथरस (अ0जा0), आगरा (अ0जा0), फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल हैं । तृतीय चरण में 10 सीटों पर कुल 100 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन सीटों पर कुल 01 करोड़ 89 लाख 14 हजार 788 मतदाता है। इनमें 01 करोड़ 01 लाख 44 हजार 345 पुरुष, 87 लाख 69 हजार 696 महिला एवं 747 थर्ड जेण्डर मतदाता हैं।

यह सीटें हैं चर्चित

तीसरे चरण में कई चर्चित प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मैनपुरी से डिम्पल यादव और आगरा से मोदी सरकार के मंत्री प्रो0 एसपी सिंह बघेल प्रत्याशी हैं। योगी सरकार के दो मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर और अनूप बाल्मीकि मैनपुरी और हाथरस से मैदान में हैं। एटा से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया और आंवला से धर्मेन्द्र कश्यप तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित//बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर