दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में उपमुख्यमंत्री केशव ने किया दर्शन पूजन

लखनऊ, 07 मई(हि.स.)। लोकसभा चुनाव की व्यस्तता के बीच अपने जन्मदिन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में दर्शन एवं पूजन किया। केशव प्रसाद मौर्य के दर्शन के पश्चात मंदिर के पुजारी ने उन्हें अंगवस्त्र, प्रसाद और पुष्प देकर आशीर्वाद दिया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने अपने जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और विभिन्न संगठन के प्रतिनिधियों को अपनी ओर से धन्यवाद दिया। जन्मदिन की शुभकामना देने वाले जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने केशव प्रसाद मौर्य के साथ उनकी पुरानी फोटो को भी शेयर किया। जिसे देखकर उपमुख्यमंत्री ने स्वतंत्रदेव सिंह को धन्यवाद दिया।

उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, मंत्री दारा सिंह चौहान, मंत्री नंद गोपाल नंदी, मंत्री आशीष पटेल सहित तमाम मंत्रीगण और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित पदाधिकारियों ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।

युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ देकर अपनी शुभकामनाएं दी और इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने युवा कार्यकर्ताओं को माला पहना कर चुनाव में पूरी ताकत झोंक देने को कहा। उपमुख्यमंत्री ने युवा कार्यकर्ताओं से प्रभु श्रीराम के भक्त हनुमान की तरह विपक्ष के लंका का दहन करने के लिए भी आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर