छत से पानी टपकने को लेकर विवाद में फायरिंग, तीन बच्चे समेत चार घायल

मुर्शिदाबाद, 08 मई (हि.स.)। जिले के रानीतला इलाके में बुधवार सुबह छत से पानी टपकने को लेकर विवाद में हुई फायरिंग में तीन बच्चे समेत चार लोग घायल हो गये। घायल बच्चों के नाम इब्राहिम शेख (06), साजिब शेख (10) और जसीमुद्दीन शेख शामिल हैं। गोलीबारी में राजीव शेख नाम का स्थानीय युवक भी घायल हुआ है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत छत से पानी गिरने को लेकर हुई। पहले पड़ोसी मनिरुद्दीन शेख और सैयद अली के बीच बातचीत शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान छर्रा चलाया गया। गोलीबारी में तीन बच्चों समेत कुल चार लोग घायल हो गये। इन्हें मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

मनिरुद्दीन ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान होसनाबाद गांव के एक तृणमूल कांग्रेस ग्राम पंचायत सदस्य के नेतृत्व में गोलीबारी की गई, साथ ही ईंट और पत्थर फेंके गए। तनाव को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस पिकेट बैठाई गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन इस घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि सभी घायल वाम-कांग्रेस गठबंधन के समर्थक हैं।

हिन्दुस्थान समाचार /गंगा

   

सम्बंधित खबर