उप्र में सात जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना

कानपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय है और मंगलवार को भी बहराइच में सबसे अधिक 136 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा अन्य जनपदों में भी कहीं मध्यम तो कही भारी बारिश हो रही है। इससे तापमान भी गिर रहा है और कन्नौज में आज सबसे अधिक तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि जिन जनपदों में कम बारिश हुई वहां पर उमस भरी गर्मी का प्रकोप बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी सात जुलाई तक उत्तर प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा 26 डिग्री उत्तर/ 65 डिग्री पूर्व जैसलमेर, सिरसा, कुरूक्षेत्र, राजपुरा, लुधियाना, 31.2 डिग्री उत्तर/ 74.5 डिग्री पूर्व से होकर गुजरती है। अगले 2-3 दिनों के दौरान राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मध्य पाकिस्तान मध्य और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक रेखा पंजाब से मिजोरम तक उत्तरी हरियाणा, उत्तरी उत्तर प्रदेश, उत्तरी बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल पर चक्रवाती परिसंचरण और निचले स्तर पर असम तक फैली हुई है। इससे उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों बारिश होती रहेगी और आज सबसे अधिक बहराइच में 136 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा आजमगढ़ में पांच, बाराबंकी 16, बरेली में 42, बुलंदशहर में 84, चित्रकूट में 14, फतेहपुर में 10.5, गौतम बुद्ध नगर में 77, गोरखपुर में 54, हमीरपुर में चार, कानपुर में 22.2, कुशीनगर में 69, लखीमपुर खीरी में 56, मथुरा में 76, मुरादाबाद में 26, वाराणसी में 14 मिमी बारिश हुई।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 98 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 79 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिमी रहीं जिनकी औसत गति 8.1 किमी प्रति घंटा रही।मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण सात जुलाई तक मध्य तेज हवाओं एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर मध्यम से भारी वर्षा होने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर