भाजपा सरकार में विकास कार्य हुए अवरुद्ध : नवीन जोशी

देहरादून, 09 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और वाॅर रूम के चेयरमैन नवीन जोशी ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्य अवरुद्ध हुए हैं। इससे आम आदमी का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

नवीन जोशी गुरुवार को जनसंवाद से जनसमर्थन कार्यक्रम के तहत रायपुर विधानसभा के मसूरी एंकलेव सहस्त्रधारा रोड पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जनसंपर्क कर कांग्रेस के लिए समर्थन मांगा और क्षेत्रीय जनता की समस्याएं भी सुनीं।

नवीन जोशी ने कहा कि देहरादून शहर का बुरा हाल है। स्मार्ट सिटी के नाम पर शहर में मात्र खानापूर्ति की गई है। भाजपा शासनकाल में मलिन बस्तियों को उजाड़ने का काम किया जा रहा है, जो निंदनीय है। इससे गरीब तबका डरा हुआ है और अपने सिर के ऊपर छत के लिए दर-बदर भटकने को मजबूर है। जोशी ने कहा कि बस्तियों को मालिकाना हक देने के लिए कांग्रेस दृढ़ संकल्पित है। जनता ने प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए उनका निराकरण करने की मांग की। जोशी ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह उनकी समस्याओं को प्रमुखता के साथ उठाएंगे और उसका समाधान कराएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर