मंत्री नन्दी की पहल पर मार्च-अप्रैल में 50 लोगों को इलाज के लिए मिले 1.10 करोड़

--आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से उपलब्ध कराई जा रही धनराशि

प्रयागराज, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जहां इस समय लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में लोगों की सेवा के कार्य लगातार जारी है। नन्दी की पहल पर मार्च-अप्रैल माह में 50 गम्भीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक करोड़ 10 लाख 88 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की पहल पर प्रयागराज के साथ ही अन्य जनपदों एवं क्षेत्रों के 50 पीड़ितों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। जिसकी मदद से कई लोगों को जीवनदान मिला। नन्दी इस समय पूरे प्रदेश में व्यापारियों के बीच भाजपा का नेतृत्व कर रहे हैं। अलग-अलग जनपदों में व्यापारी सम्मेलन कर व्यापारियों से फिर एक बार मोदी सरकार बनाने की अपील कर रहे हैं। चुनाव प्रचार की व्यस्तता के बीच वे अपने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले गम्भीर बीमारियों के शिकार लोगों की सेवा करना नहीं भूल रहे हैं।

नन्दी ने कहा कि क्षेत्र की जनता का सुख-दुःख हमारा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी 24 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानते हैं और हर मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़े रहते हैं। असाध्य एवं गम्भीर रोगों से ग्रसित व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इलाज कराने के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी ने सरकारी खजाना खोल रखा है। मुख्यमंत्री राहत कोष से प्राप्त धनराशि गम्भीर रूप से बीमार लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। पीड़ितों तक सहायता उपलब्ध कराने में तनिक भी देरी नहीं की जा रही है।

नन्दी ने बताया कि मार्च 2024 में 29 लोगों को इलाज के लिए 53 लाख 46 हजार 125 रुपये और अप्रैल महीने में 21 लोगों को 57 लाख 41 हजार 875 रुपये की धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में उपलब्ध कराई गई। जिनमें प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के अकबरपुर, अहमदगंज, जीटीबी नगर, मुट्ठीगंज, नॉर्थ मलाका, नैनी, शाहगंज, सदियापुर, कांशीराम आवास नैनी, हिम्मतगंज, मालवीय नगर, खुशहाल पर्वत, एडीए कॉलोनी नैनी, के साथ ही अन्य विधानसभा क्षेत्रों व जनपदों के लोग शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर