कैंसर रोग से पीड़ित पद्मश्री राभा को देखने अस्पताल पहुंचे छात्र संस्था के पदाधिकारी

-बिरुबाला का लंबे समय से चल रहा इलाज

गुवाहाटी, 9 मई (हि.स.)। पद्मश्री बिरुबाला राभा पिछले काफी समय से गंभीर रूप से बीमार हैं। उनका 22 अप्रैल से गुवाहाटी स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में इलाज चल रहा है।

दरअसल, 75 वर्षीय पद्मश्री बिरुबाला राभा लंबे समय से खाद्य नली के कैंसर से पीड़ित हैं। राभा की तबीयत अधिक खराब होने के बाद बीते 8 मई को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बेहतर इलाज कराने में असमर्थ उनके परिजन बेहतर इलाज के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पद्मश्री बिरूबाला राभा इलाके में डायन जैसी अंधविश्वास को लेकर की जाने वाली हत्या का विरोध कर समाज में बड़ा परिवर्तन लाने में सफल रहीं। बिरुबाला को उनके काम के लिए वर्ष 2021 में भारत सरकार ने पद्म श्री से सम्मानित किया था। पद्मश्री राभा ने असम सरकार के डायन हत्या रोकथाम और संरक्षण अधिनियम 2015 को लागू कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

गुरुवार को निखिल राभा छात्र संस्था के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर बिरुबाला का हालचाल लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि डायन हत्या जैसे अंधविश्वास व कुप्रथा के विरुद्ध लगातार विरोध करने वाली एक साहसी महिला राभा कैंसर जैसे रोग से पीड़ित इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है। छात्र संस्था ने राज्य सरकार से इलाज के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए करने की सरकार से मांग की है। बिरुबाला से मिलने पहुंचे छात्र संस्था के पदाधिकारियों में अध्यक्ष मतिलाल बाक्सोक, महासचिव डॉ. सुभाष राभा, सह सचिव हितेश्वर राभा और सांगठनिक सचिव प्रतुल राभा शामिल हैं। सभी ने ईश्वर से बिरुबाला के अतिशीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर