वनाग्नि को रोकने के लिए त्वरित गति से किया जा रहा कार्य : कपिल लाल

नई टिहरी, 09 मई (हि.स.)। अपर प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल ने गुरुवार को जनपद में विभिन्न प्रभागों के तहत क्रु स्टेशनों सहित अग्नि प्रभावित वन क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद वनाग्नि नियंत्रण के कार्य पर संतोष जताया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वनों की आग रोकने को लेकर त्वरित कार्य विभाग कर रहा है। स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।

गुरुवार को जनपद भ्रमण के बाद जिला मुख्यालय के वन चेतना केंद्र में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वन विभाग के प्रयासों की सफलता है कि प्रदेश में सघन वनाग्नि की घटनाएं नहीं हुई हैं। वनों में लगी आग को पहले ही रोकने का काम किया गया है। आग की घटनाओं पर पूरा नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी तीन डिवीजनों के क्रु स्टेशन और कार्रवाई रजिस्टरों सहित फील्ड के कामों का निरीक्षण किया गया है। पूरे प्रदेश में वन विभाग के सभी 8500 कर्मचारी आग बुझाने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि वनों में आग लगाने वालों की सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जायेगा। वनों को आग से बचाने वालों को पुरुस्कृत भी किया जायेगा।

भागीरथी वृत के वन संरक्षक धर्म सिंह मीणा ने बताया कि टिहरी जनपद में इस समय आग पूरी तरह से काबू में है। जनपद में अब तक कुल 192 घटनायें आग की हुई हैं। जिसमें लगभग 225 हेक्टेअर आरक्षित और सिविल भूमि प्रभावित हुई है। जिसमें 5.61 लाख का नुकसान वन संपदा का हुआ है। वनाग्नि को लेकर 26 मामले दर्ज किये गये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर