2011 के बाद देश की जनगणना हुई ही नहीं फिर कैसे पता किसकी आबादी बढ़ी, किसकी घटी : कांग्रेस

रायपुर, 10 मई (हि.स.)। यदि देश में डेमोग्राफिकल चेंज हुआ है तो उसकी दोषी भारतीय जनता पार्टी है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि देश में 10 सालों से भाजपा की सरकार है। भाजपा दंभ भरती है कि उसके राज में हिंदू ज्यादा सुरक्षित हैं। वह सनातन के आधार पर सरकार चलाने का दावा भी करती है, फिर भी यदि देश में हिन्दुओं की आबादी कम हो गयी है तो इसके लिये भाजपा की केन्द्र सरकार उसकी नीतियां दोषी है।

आपने 10 वर्षों तक क्या किया जो ऐसी स्थिति निर्मित हुई है? यदि देश में घुसपैठिये घुस आये और एक धर्म की आबादी बढ़ गयी तो उसके लिये भी भाजपा की केन्द्र सरकार जिम्मेदार है। देश की सीमायें सुरक्षित क्यों नहीं रख पाये? 2011 की जनगणना में तो ऐसी स्थिति नहीं थी। 2014 से मोदी की सरकार बनी है तो जनसंख्या के इस बदलाव की दोषी तो केंद्र सरकार ही मानी जायेगी।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि देश में किसी भी धर्म जाति, संप्रदाय की संख्या का सही आंकड़ा सरकार के पास है ही नहीं। भाजपा प्रोपोगंडा कर रही ताकि इसको चुनावी मुद्दा बनाया जा सके। भाजपा और मोदी अपने आर्थिक सलाहकार से बयान दिलवा कर देश की जनता में मुस्लिमों की आबादी का भय दिखा कर वोट हासिल करना चाह रहे हैं। जब 2011 के बाद देश की जनगणना ही नहीं हुई है, 2022 में केंद्र सरकार ने जनगणना करवाया ही नहीं फिर कैसे दावा कर रहे कि मुस्लिमों की आबादी बढ़ गयी, हिन्दुओं की कम हो गयी।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल/गायत्री

   

सम्बंधित खबर