देश के लिए जीवन न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों से लें प्रेरणा: प्रो. संगीता शुक्ला

क्रांति दिवस पर क्रांतिकारियों की मूर्ति पर माल्यार्पण करती कुलपति

मेरठ, 10 मई (हि.स.)। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि मेरठ क्रांतिकारियों की कार्यस्थली रही है। यहां से ही 10 मई 1857 को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम शुरू हुआ। हमें शहीदों को नमन तो करना चाहिए। साथ ही उनके जीवन से भी प्रेरणा लेनी चाहिए। क्रांतिकारियों की देश के प्रति इतनी निष्ठा थी कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लिए न्योछावर कर दिया। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

क्रांति दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में महापुरुषों की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में धन सिंह कोतवाल और मंगल पांडे की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि हमारा दायित्व केवल पढ़ना या पढ़ाना ही नहीं है, अपितु देश के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी है। हमारा फर्ज बनता है कि हम देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हमें उन्हें याद करते हुए देश को आगे ले जाना है।

इस अवसर पर कुलसचिव धीरेंद्र कुमार वर्मा, प्रोफेसर वीरपाल सिंह, प्रो. भूपेंद्र सिंह, प्रो.विग्नेश त्यागी, प्रो. केके शर्मा, डॉक्टर जमाल अहमद सिद्दीकी डॉ. दुष्यंत चौहान, डॉ. ओमपाल सिंह, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता, इंजीनियर प्रवीण पवार सर्वाेत्तम शर्मा, इंजीनियर मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर