बरारी क्षेत्र में जानवरों का शिकार कर रहा तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण

धमतरी, 10 मई (हि.स.)। धमतरी शहर से लगा हुआ ग्राम बरारी वनों से आच्छादित क्षेत्र है। इस क्षेत्र में माहभर से तेंदुओं की आमद बढ़ गई है। तेंदुए की आमद से क्षेत्रवासी दहशत में हैं। कुछ तेंदुए दिन ढलते ही यहां शिकार करने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार तीन से चार की संख्या में विचरण कर रहे तेंदुओं ने यहां 15 से ज्यादा कुत्तों व पांच से अधिक मुर्गियों का शिकार कर लिया है। बहरहाल वन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। तेंदुओं से बचाव के लिए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह अवश्य दी है।

लगातार पेड़ों की कटाई से जंगल क्षेत्र में पानी और शिकार की कमी की वजह से जंगली जानवर रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचने लगे हैं। नगरी क्षेत्र के बाद अब धमतरी में भी तेंदुओं के दहशत से लोग सहमे हुए हैं। धमतरी रेंज के बरारी गांव में कुछ समय से नियमित रूप से तेंदुआ देखा जा रहा है। खासकर बगीचा वाले इलाकों में ज्यादा पहुंचता है। अब तक कई जानवरों का शिकार कर चुका है। ग्रामीण जोहन यादव ने बताया कि तेंदुओं की वजह से लोगों में भय बना रहता है। तेंदुआ जानवरों का शिकार कर रहा है। अशोक पवार ने बताया कि रोजाना तेंदुए बगीचा तक पहुंचता है। गाय सहित कुत्तों एवं अन्य जानवरों को अपना निशाना बना रहा है। इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। इस संबंध में वन विभाग को पत्र के माध्यम से अवगत भी कराया जा चुका है। लेकिन वन विभाग द्वारा अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। शाम होने के बाद इस क्षेत्र में तेंदुए अक्सर पहुंच जाते हैं। इसे लेकर ग्रामीण दहशत में हैं। फुलवारीपारा निवासी इल्हाद कुरैशी ने बताया कि क्षेत्र में कई तेंदुए आ रहे हैं। पूर्व के वर्षों में भी तेंदुए इक्का-दुक्का की संख्या में आते थे, लेकिन सालभर के दौरान इस क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक ज्यादा बढ़ा है। इस क्षेत्र में अब तक 15 से ज्यादा कुत्तों व पांच मुर्गियों को तेंदुए उठाकर ले जा चुके हैं। वन विभाग को इस दिशा में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। बरारी निवासी अनुशा कुरैशी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए आ रहे हैं। गांव के कई लाेगों ने झुरमुट के पास तेंदुओं को देखा है। कुत्ते व मुर्गियों को तेंदुआ उठा ले गए हैं। एक दिन तो घर के आंगन तक तेुंदुआ पहुंच चुका है। आहट मिलते ही भाग गया। घटना से क्षेत्र में ग्रामीण दहशत में हैं। अब तो अतिरिक्त एहतियात बरतनी पड़ रही है।

शासन से अनुमति मिलने पर जाली लगाया जाएगा

सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी धमतरी आरके तिवारी ने बताया कि जिस क्षेत्र से तेंदुआ पहुंचता है वहां घना झुरमुट है। जिससे तेंदुओं का वास्तविक लोकेशन पता नहीं चल पाता है। वो कभी-कभी पहुंचते हैं। उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। पकड़ने के लिए राज्य स्तर से अनुमति मिलने के बाद जाली लगाया जा सकता है। लोगों को अलर्ट भी किया गया है। तेंदुआ कुत्तों, मुर्गियों को निशाना बना रहे हैं। इस क्षेत्र में तीन से चार की संख्या में तेंदुआ हैं। लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा/गायत्री

   

सम्बंधित खबर