राम सिया संग नगर भ्रमण पर निकले भगवान परशुराम

जयपुर, 11 मई (हि.स.)। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के तहत शनिवार शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान परशुराम नगर भ्रमण पर निकले तो छोटीकाशी के श्रद्धालुओं ने उनके स्वागत में पलक पांवड़े बिछा दिए। पुष्प वर्षा कर भगवान परशुराम जी का स्वागत किया और आरती कर आशीर्वाद लिया।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा महानगर की ओर से भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में जलेब चौक से रवाना हुई शोभायात्रा के कारण पूरा मार्ग परशुराममय हो गया। तीन बग्गी, पांच बैंड के साथ निकली शोभायात्रा के मुख्य रथ में भगवान परशुराम जी का विशाल चित्रपट विराजमान था। ब्रह्म पीठाधीश्वर काठिया परिवारचार्य स्वामी रामरतन देवाचार्य महाराज, हाथोज धाम महंत एवं हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित अन्य प्रमुख संत- महात्मा भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। गगनभेदी जयकारों और भजनों की स्वर लहरियों के साथ शोभायात्रा जिधर से भी गुजरी सर्व समाज ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। एक ही रंग की वेशभूषा में महिलाओं और साफे बांधकर चल रहे पुरुषों ने शोभायात्रा को भव्यता प्रदान की।

शोभायात्रा के सबसे आगे खुले वाहन में भगवा ध्वज थामे युवा सवार थे। सजे धजे चार ऊंट और घोड़े के पीछे शंकर बैंड के वादक भजनों की स्वर लहरियां बिखेरते चल रहे थे। प्रथम पूज्य गणेश जी की वरमुद्रा की झांकी के साथ महाभारत की रचना करते गणपति के साथ त्रिमुख शंकर भगवान की झांकी सजी थी। आनंद बैंड की मधुर स्वर लहरियों के साथ हनुमान जी महाराज शिवजी की आरती करते नजर आए। इसके बाद राम दरबार, भगवान परशुराम जी और सीना फाडक़र दिखाते हुए हनुमान जी महाराज की झांकी से लोगों की नजरे ही नहीं हट रही थी। गणेशजी-परशुरामजी युद्ध, गोविंद देवजी, राधा-कृष्ण, शिवलिंग पर शेषनाग, शेरावाली मां, शिव परिवार की झांकी मनमोहक रही। इनके अलावा राम-सीता आशीर्वाद देते हुए, हनुमान जी के कंधे पर राम-लक्ष्मण, शिव-पार्वती आशीर्वाद देते हुए, विशालकाय हनुमान जी की झांकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं। बड़ी चौपड, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता होते हुए छोटी चौपड़ पहुंच कर संपन्न हुई।

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाडी, सांसद रामचरण बोहरा, भाजपा की सांसद प्रत्याशी मंजू शर्मा, पूर्व मंत्री अरूण चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री महेश जोशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आर आर, तिवाड़ी सहित अन्य विशिष्टजनों ने शोभायात्रा की अगवानी करते हुए भगवान परशुरामजी की आरती उतारी।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर