ब्राह्मण रत्न सम्मान से 45 प्रतिभाएं सम्मानित

जयपुर, 12 मई (हि.स.)। ब्राह्मणों को अपने संस्कारों को प्रबल करते हुए समाज को दिशा एवं मार्गदर्शन देना चाहिए। ब्राह्मण समाज ने सदैव परहित में कार्य किया है। ब्राह्मण बच्चों को संस्कारित कर भगवान परशुराम जी की तरह जितेन्द्रिय बनना चाहिए। ये विचार रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह के समापन के अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय ‘‘ ब्राह्मण रत्न’’ सम्मान समारोह में जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने कहे।

इस अवसर पर समारोह के अध्यक्षता करते हुए सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने कहा कि ब्राह्मण सर्वहित की बात करता है और सर्वजन सुखाय की भावना से समाज को एक राह दिखाता है। लेकिन अब ब्राह्मणों को भी आगे बढने का अवसर मिलना चाहिए और अग्रणी भूमिका निभाने वाला ब्राह्मण आज पिछड रहा है। उसे भी आगे बढने का अवसर मिलना चाहिए।

इस अवसर पर लोकसभा प्रत्याशी भाजपा मंजू शर्मा ने कहा कि जब ब्राह्मण आगे बढ़ेगा तो देश में सामाजिक समरसता बढ़ेगी और परशुराम जी के बताये हुए रास्ते पर युवाओं को चलना चाहिए। इस अवसर पर आमेर विधायक प्रशांत शर्मा ने कहा कि सर्व ब्राह्मण महासभा और अन्य सामाजिक संगठनों को सामाजिक रूप से संगठित होकर समाज को एकजुट करना चाहिए और लोकतंत्र में अपनी ताकत दिखानी चाहिए। सर्व ब्राह्मण महासभा ने समाज हित में आरक्षण की एक लम्बी लडाई लडी है जिससे सफलता प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर हवामहल विधायक महामंडलेश्वर आचार्य बालमुकुंद आचार्य महाराज ने सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा किए जा रहे कार्यो की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा कहा कि सभी ब्राह्मण संगठनों को रचनात्मक कार्यों की तरफ बढ़ना चाहिए।

राष्ट्रीय संयोजक आचार्य राजेश्वर ने कहा कि ब्राह्मण को अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए परशुराम जी के विषय में अज्ञानता वष कई विभेद पडे है उन्हें दूर करना चाहिए।

इस अवसर पर गोविन्द पारीक पूर्व अतिरिक्त निदेशक डीपीआर ने ब्राह्मण और सर्व समाज विषय पर अपने विचार प्रकट किये।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर